अनूठी आर्ट के माध्यम से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश..

 

  • प्रसिद्ध वेंट्रिलोक्विस्ट अंकित सिंह सिसोदिया ने अदभुत प्रदर्शन के माध्यम से किया लोगो को यातायात नियमों के प्रति जागरूक

 

इंदौर- सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा निरंतर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

इसी क्रम में आज एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध वेंट्रिलोक्विस्ट, मिमिक्री आर्टिस्ट एवं स्टैंड-अप कॉमेडियन श्री अंकित सिंह सिसोदिया ने अपनी अनूठी प्रस्तुति से उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान श्री अंकित सिंह सिसोदिया ने अपने साथी लोकप्रिय कैरेक्टर “चिंटू” के साथ मनोरंजक एवं संवादात्मक शैली में सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्तुति दी। दोनों पात्रों के बीच हुए रोचक संवाद एवं वाद-विवाद के माध्यम से हेलमेट पहनने के लाभ, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, रेड लाइट एवं अन्य यातायात संकेतों का पालन करने सहित विभिन्न सड़क सुरक्षा नियमों की आवश्यकता और महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया गया।

प्रस्तुति के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर समाज में प्रचलित भ्रामक धारणाओं और वास्तविक तथ्यों पर भी हास्यपूर्ण अंदाज में चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने इस बात को स्वीकार किया कि यातायात नियम किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।प्रभावशाली प्रस्तुति एवं सड़क सुरक्षा के प्रति उनके सराहनीय प्रयासों की तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रशंसा भी की।

सड़क सुरक्षा जागरूकता में योगदान के लिए पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा श्री अंकित सिंह सिसोदिया को प्रशस्ति-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह, पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी, अन्य पुलिस अधिकारी, ट्रैफिक प्रहरी, संस्था के पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यातायात प्रबंधन पुलिस ने नागरिकों से अपील करी कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं, क्योंकि “सड़क पर आपकी एक सही आदत किसी का जीवन बचा सकती है।”

keyboard_arrow_up
Skip to content