🔹आरोपी के कब्जे से लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी की जप्त।
🔹महिला को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने लिया था विश्वास में, फिर मंदिर में काम दिलाने के बहाने गहने उतरवा कर, हो गया था रफूचक्कर ।
🔹 पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
घटना का विवरण
इंदौर- दिनांक 12/06/26 को प्रातः लगभग 08:00 बजे एक महिला खजराना चौराहे पर मजदूरी हेतु खड़ी थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया तथा उसे काम दिलाने का प्रलोभन देते हुए बताया कि चंदन नगर क्षेत्र के आगे स्थित एक जैन मंदिर में खाना बनाने का कार्य है, जिसके लिए ₹600 प्रतिदिन पारिश्रमिक मिलेगा।
महिला उक्त व्यक्ति की बातों पर विश्वास कर उसके साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर चली गई। आरोपी पहले उसे सराफा क्षेत्र ले गया तथा बाद में चंदन नगर के आगे ग्राम सिंहासा पहुंचा। वहां आरोपी ने महिला से कहा कि मंदिर में गहने पहनकर कार्य करने की अनुमति नहीं है, इसलिए वह अपने आभूषण उतारकर उसे दे दे। महिला को विश्वास में लेकर आरोपी उसके चांदी के आभूषण अपने पास रखकर मंदिर में बात करने का कहकर वहां से फरार हो गया।
कुछ समय बाद महिला को संदेह होने पर उसने अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके पश्चात डायल-112 पर सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होने पर थाना चंदन नगर में अपराध क्रमांक 747/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
कार्यवाही का विवरण
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन-4 श्री सुनील मेहता के द्वारा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री दीशेष अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त अन्नपूर्णा श्री शिवेन्दु जोशी के मार्गदर्श में थाना प्रभारी चंदन नगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश हेतु निर्देशित किया गया ।
जांच के दौरान टीम द्वारा महिला द्वारा बताए गए मार्ग पर लगे लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी एवं उसकी मोटरसाइकिल की पहचान की गई। जिसके आधार पर आरोपी की जानकारी प्राप्त कर उसकी घेराबंदी कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपी से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा विवेचना के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी
जितेंद्र राठौर,
निवासी कृष्ण बाग कॉलोनी, हाल मुकाम संस्कृति रॉयल बाग, राऊ, इंदौर।
जप्त मश्रुका-
लगभग 500 ग्राम चांदी के कड़े (आभूषण) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
पुलिस टीम
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी चंदन नगर निरीक्षक तिलक कारोले, प्रधान आरक्षक बलराम एवं आरक्षक अरुण जाट की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।






