- सिग्नल के समय मे भी की गई कमी
इंदौर। शहर के अत्यंत व्यस्त एवं अधिक यातायात दबाव वाले इंडस्ट्रीज हाउस तिराहा पर यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम, यातायात पुलिस द्वारा किए गए इंजीनियरिंग सुधारों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। विभिन्न यातायात सुधारात्मक उपायों के कारण अब इस तिराहे पर पूर्व की अपेक्षा यातायात का प्रवाह अधिक सुगम हो गया है।
- पूर्व में पलासिया एवं गिटार तिराहा की ओर से आने वाले वाहन, जो इंडस्ट्रीज हाउस तिराहा से लेफ्ट टर्न लेते हुए जंजीरवाला चौराहा की ओर जाते थे, उन्हें लेफ्ट टर्न की कम चौड़ाई के कारण रुकना पड़ता था।
- वहीं एलआईजी चौराहा की ओर से आने वाले वाहन, जो राइट टर्न लेकर जंजीरवाला की दिशा में जाते थे, उन्हें भी सड़क संकरी होने के कारण सिग्नल के एक चक्र में पर्याप्त संख्या में निकलने का अवसर नहीं मिल पाता था।परिणामस्वरूप तिराहे पर लंबी वाहन कतारें लगती थीं तथा यातायात अवरोध की स्थिति निर्मित होती थी।
- विशेष रूप से पीक ऑवर्स के दौरान इंडस्ट्रीज हाउस तिराहा एवं जंजीरवाला क्षेत्र में यातायात अत्यधिक धीमा हो जाता था, जिससे यातायात पुलिस को भारी मशक्कत एवं वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ता था।
इन समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु यातायात पुलिस, नगर निगम अधिकारियों के निरीक्षण के पश्चात प्राप्त सुझावों पर विभिन्न सुधारात्मक कार्य किए गए हैं।
- पलासिया से जंजीरवाला की ओर जाने वाले लेफ्ट टर्न का चौड़ीकरण किया गया है, जिससे अब वाहन बिना बाधा के आसानी से लेफ्ट टर्न ले पा रहे हैं।
- इसके अतिरिक्त जंजीरवाला से इंडस्ट्रीज हाउस मार्ग पर स्थित डिवाइडर एवं ट्रैफिक सिग्नल को मध्य भाग में शिफ्ट किया गया है, जिससे वाहनों के आवागमन हेतु अतिरिक्त स्थान उपलब्ध हुआ है और यातायात का प्रवाह बेहतर हुआ है।
- उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जंजीरवाला से एलआईजी चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए लेफ्ट लेन का भी चौड़ीकरण किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम मिले हैं।
इन सभी यातायात इंजीनियरिंग सुधारों के परिणामस्वरूप इंडस्ट्रीज हाउस तिराहा पर यातायात का दबाव कम हुआ है, वाहन अधिक सुगमता से गुजर रहे हैं तथा सिग्नल पर प्रतीक्षा समय में भी कमी आई है। यातायात के बेहतर प्रवाह को देखते हुए यहां ट्रैफिक सिग्नल के समय में भी कमी की गई है, जिससे नागरिकों का यात्रा समय कम हुआ है और यातायात संचालन अधिक प्रभावी बना है।
यातायात पुलिस द्वारा शहर के अन्य प्रमुख चौराहों एवं यातायात दबाव वाले क्षेत्रों का भी लगातार अध्ययन, ड्रोन सर्विलांस किया जा रहा है तथा आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आमजन को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।





