✒️ अनुसंधान कार्यों में तेजी, पारदर्शिता एवं तकनीकी दक्षता बढ़ाने की दिशा में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट का एक और कदम।
✒️ इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के सभी थानों के विवेचना अधिकारियों को प्रदाय किए जा रहे हैं, आधुनिक तकनीकी से लैस टैबलेट।
इंदौर – पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस मुख्यालय से प्राप्त टैबलेट विभिन्न थानों के विवेचना अधिकारियों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन आधुनिक संसाधनों के माध्यम से अनुसंधान कार्यों में गति, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकेगी।
इसी क्रम में आज दिनांक 29 मई 2026 को पुलिस कमिश्नर कार्यालय, इंदौर में विवेचना अधिकारियों हेतु टैबलेट वितरण व प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, पुलिस उपायुक्त जोन-02 श्री अमन सिंह राठौड़, पुलिस उपायुक्त जोन-04 श्री सुनील मेहता एवं अन्य पुलिस अधिकारीगण सहित विभिन्न थानों के विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा विवेचना अधिकारियों को टैबलेट वितरित किए गए और बताया कि पूर्व के 176 तथा नए 697 टैबलेट, इस प्रकार कुल 873 इंदौर पुलिस को मिले है, जो सभी थानों के विवेचना अधिकारियों को प्रदाय किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को इन आधुनिक उपकरणों का प्रभावी उपयोग करते हुए डिजिटल एवं अन्य प्रकार के साक्ष्यों के बेहतर संकलन, सुरक्षित प्रबंधन एवं ई-विवेचना ऐप के माध्यम से अनुसंधान कार्यों को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने हेतु निर्देशित किया गया।
सभी अधिकारियों को ऑनलाइन अनुसंधान, केस डायरी संधारण, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण, साइबर संबंधी अनुसंधान तकनीकों एवं तकनीकी संसाधनों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण विवेचना संबंधी विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
साथ ही पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों की प्रकृति तेजी से बदल रही है, ऐसे में तकनीक आधारित पुलिसिंग समय की आवश्यकता है। आधुनिक डिजिटल उपकरणों के उपयोग से विवेचना कार्य अधिक सटीक, पारदर्शी एवं त्वरित होगा, जिससे आमजन को बेहतर एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा भविष्य में भी पुलिस बल को तकनीकी रूप से सशक्त, प्रशिक्षित एवं दक्ष बनाने हेतु प्रयास निरन्तर रूप से किए जाते रहेंगे।






