◆ चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर पहुँचकर आमजन को कर रहा जागरूक
◆ डिजिटल माध्यमों से सड़क सुरक्षा संदेशों का किया जा रहा प्रचार प्रसार
इंदौर- सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत इंदौर यातायात पुलिस द्वारा प्रारंभ किया गया “यातायात जागरूकता डिजिटल रथ” अब शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भ्रमण कर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहा है।
पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यह डिजिटल रथ शहर के चारों जोनों के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर पहुँचकर नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है।
डिजिटल रथ में स्थापित आकर्षक हेलमेट प्रतिकृति के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। वहीं, रथ में लगे डिजिटल स्क्रीन, फ्लेक्स एवं ऑडियो-विजुअल सिस्टम के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश, गीत, लघु फिल्में एवं वीडियो क्लिप प्रदर्शित कर नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।





