🔸 सुरक्षा, निगरानी व समन्वय के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

इंदौर – शहर में कल दिनांक  03.05.26 को होने वाली NEET की परीक्षा, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्याप्त सुरक्षा व पुलिस व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं और तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

पुलिस कमिश्नर ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों की तकनीकी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सेंटर कॉर्डिनेटर से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेने व उन्हें सुनिश्चित करने की बात करते हुए निम्न निर्देश दिए गए-

 

* सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

 

* प्रत्येक केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए एवं उनकी सतत मॉनिटरिंग की जाए।

 

* विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था (बैकअप प्लान) है या नहीं यह भी संबंधित से समन्वय कर,   सुनिश्चित किया जाए।

 

* सेंटर कॉर्डिनेटर के साथ सतत समन्वय रखकर व्यवस्थाओं की समीक्षा एवं आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।

 

* यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, जिससे अभ्यर्थियों व आमजन को कोई  असुविधा न हो।

 

* परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एवं अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।

 

* संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए।

 

* सोशल मीडिया पर भी विशेष ध्यान रखा जाए।

 

पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

 

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य न केवल सुरक्षा प्रदान करना है, बल्कि अभ्यर्थियों को एक सुरक्षित, शांत एवं सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना भी है, जिससे वे बिना किसी तनाव के परीक्षा दे सकें।

 

पुलिस प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे परीक्षा के दौरान सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

उक्त बैठक में अति पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) इंदौर श्री आर. के. सिंह सहित नगरीय क्षेत्र के सभी पुलिस उपायुक्तगण उपस्थित रहें।

keyboard_arrow_up
Skip to content