◆ आरोपी के कब्जे से लगभग 518 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम (क़ीमत करीब 80,000 रुपये) की गई जप्त ।
◆ आरोपी इंदौर में रहकर कर रहा है बी.टेक. की पढ़ाई, कर्ज हो जाने पर करने लगा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी।
◆ आरोपी के घर पर गांव में होती है अफीम की लाईसेंसशुदा खेती, खुद के ही घर से अफीम लाकर कर रहा था, उसकी तस्करी।
इंदौर शहर में अपराधों पर नियंत्रण हेतु अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व इनकी गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सतत एवं कठोर कार्यवाही के निर्देश पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-04 श्री आनंद कलादगी व अति. पुलिस उपायुक्त जोन-04 श्री दिशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन में, सहायक पुलिस आयुक्त जूनी इन्दौर श्री विजय चौधरी के निर्देशानुसार कार्यवाही करते हुए पुलिस थाना जूनी इन्दौर द्वारा अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ एक तस्कर को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
क्षेत्र में अवैधानिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस थाना जूनी इन्दौर द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग व पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान सैफी नगर रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा जो कि पुलिस को देख घबराकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उक्त संदिग्ध को पकड़ा और उससे पूछताछ की गई जिसने अपना नाम गोविंद पाटीदार उम्र 20 वर्ष निवासी मनासा जिला नीमच बताया। जिसकी विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध मादक पदार्थ 518 ग्राम अफीम पाई गई जिसे विधिवत जप्त किया गया ।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह इन्दौर मे रहकर बी. टेक. की पढाई कर रहा है, इसी के साथ उसने कैफ़े का व्यवसाय शुरू किया था, जिसके कारण और महंगे शौक के चलते उस पर कर्ज हो गया है, जिसके रुपये की अदायगी के लिये अफीम तस्करी का काम करने लगा। इसी के लिए आरोपी गोविन्द पाटीदार अपने घर में रखी हुई अफीम लाकर तस्करी करने वाला था कि तभी जूनी इन्दौर थाने की पुलिस के हत्थे चढ गया । आरोपी के पिता मनासा नीमच मे लायसेंसशुदा अफीम की खेती करते है, जिसमें से ही अपने घर पर रखी अफीम में से आरोपी ने घर से अफीम लाकर तस्करी करने की थी तैयारी ।
आरोपी के कब्जे से 518 ग्राम अफीम जप्त कर 8/18 एनडीपीएस एक्ट अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना में लिया गया है, जिसके आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। आरोपी से अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है, जिसमें और भी बडे खुलासे होने की संभावना है ।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता सहित उनि विष्णु नीलकंठ , प्र.आर. 1360 किशोर सोनगरा, आर. 3120 योगेश जाट, आर. 1632 कपिल रावत, आर. 237 श्याम मालवीय की सरहानीय भूमिका रही ।





