* पुलिस अधिकारियों द्वारा पर्व के दौरान शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण रखने हेतु, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
* नशे से दूर रहने एवं असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने पर विशेष जोर
इंदौर – आगामी होली रंग पंचमी व रमजान त्यौहार के दौरान शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभी हर्षोल्लाह से त्यौहार मनाएं इसी को ध्यान में रखते हुए दिनांक 26/02/2026 को पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री कुमार प्रतीक के निर्देशन में थाना लसुड़िया क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर स्थित जस गार्डन में एक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया । संवाद में जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ नागरिक, रहवासी संघ के अध्यक्ष/उपाध्यक्ष/सदस्यगण, व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारी, नगर सुरक्षा समिति, शांति समिति, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यगण एवं होलिका दहन/रंगपंचमी के आयोजकगण उपस्थित रहे।
जनसंवाद में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री अमरेन्द्र सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त विजयनगर श्री पराग सैनी, थाना प्रभारी लसुड़िया एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
पुलिस ने जनसंवाद के दौरान होली/रंगपंचमी पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। आमजन विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने एवं किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई।
इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों का पालन करने, हुड़दंग एवं अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने हेतु सभी से सहयोग की अपील की गई।





