★ इंदौर पुलिस ने आगामी त्यौहारों को मद्देनजर रखते हुए किया, बलवा ड्रिल का अभ्यास।
★ कानून व्यवस्था की किसी भी अप्रिय स्थिति पर नियंत्रण हेतु, किस प्रकार कार्यवाही की जाए, पुलिस ने सीखे इसके गुर और किया अभ्यास।
★ आरक्षक से लेकर थाना प्रभरियों व एसीपी स्तर तक के अधिकारियों ने की स्कॉट ड्रिल व कदमताल
इंदौर – पुलिस की कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ एवं प्रभावशाली बनाने एवं पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों में अनुशासन एवं उनका फिटनेस व मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से तथा आगामी होली/रंगपंचमी आदि त्यौहार एवं कानून व्यवस्था और किसी अप्रिय स्थिति में पुलिस बलवा ड्रिल सामग्री से सुसज्जित होकर हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें, इसी को मद्देनजर रखते हुए पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में इंदौर नगरीय पुलिस के अधिकारियों/कर्मचारियों के लिए रक्षित केन्द्र इन्दौर में आज दिनांक 24.02.26 को जनरल परेड व बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया।
उक्त जनरल परेड की सलामी श्रीमान पुलिस आयुक्त नगरीय श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा ली गयी। जिसमें अति. पुलिस आयुक्त (का./व्य.) इंदौर श्री अमित सिंह की उपस्थिति में नगरीय पुलिस इंदौर के सभी पुलिस उपायुक्तगण, सभी अति पुलिस उपायुक्तगण, सभी सहायक पुलिस आयुक्तगण व थानों के थाना प्रभारीगण, रक्षित निरीक्षक सहित विभिन्न पुलिस थानों व यातायात एवं रक्षित केन्द्र के करीब 400 पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण इसमें सम्मिलित हुए।
पुलिस कमिश्नर इंदौर द्वारा परेड का अवलोकन किया गया और उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों की वेशभूषा व परेड आदि को चैक किया गया। उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों सहित थाना प्रभारियों व सहायक पुलिस आयुक्तगण ने भी स्कॉट ड्रिल, कदमताल आदि का अभ्यास किया गया, जिसका अवलोकन करते हुए, पुलिस कमिश्नर ने अच्छी परेड करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया एवं अव्यवस्थित व खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को सिखलाई देते हुए, आगे से और बेहतर करने की हिदायत भी दी गयी।
इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियो द्वारा नगरीय इंदौर क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था या अप्रिय स्थिति में पुलिस किस प्रकार कार्य करें तथा बलवा ड्रिल की सामग्री से सुसज्जित होकर कैसे उनका उपयोग किया जाए इस संबंध में बताया गया। बलवा ड्रिल सामग्री को पहनने का तरीका, टियर गैस गन की हैंडलिंग, किस टूल का कैसे इस्तेमाल करना और उपद्रवियों से खुद को कैसे सुरक्षित रखना और उनसे कैसे निपटना है बताते हुए बलवा नियंत्रण वाहन जैसे – वाटर कैनन, रूद्र वाहन, वज्र वाहन इत्यादि का संचालन किस स्थिति में एवं किस प्रकार करे, इसका भी जीवंत अभ्यास करवाया गया।
उपस्थित पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा कानून व्यवस्था की किसी अप्रिय स्थिति में बलवाइयों पर किस प्रकार नियंत्रण किया जाए इसका जीवंत अभ्यास बलवाइयों एवं पुलिस की पार्टी बनाकर किया गया, इस दौरान घायल नागरिकों / पुलिस कर्मियों के तत्काल व प्राथमिक उपचार के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली में टीम भावना को ध्यान में रखते हुए रस्सा पार्टी खेल का आयोजन भी किया गया है जिसमें डीसीपी जोन-01 के नेतृत्व में थाना प्रभारियो व डीसीपी जोन-04 के नेतृत्व में राजपत्रित अधिकारियों की दो टीमों के बीच रस्सा खींच प्रतियोगिता का आयोजन भी करवाया गया, जिसमें अपने अनुभव व दमखम के आधार पर राजपत्रित अधिकारियों ने बाजी मार, थाना प्रभारियों की टीम को परास्त किया।






