• यातायात पुलिस की टीमें, व्यस्ततम मार्गो, बाजारों में सतत निगरानी रख करेगी त्वरित कार्यवाही ।

 

इंदौर – शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर के सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात व्यवस्था हेतु यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता के साथ ही लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

 

इसी अनुक्रम में आज दिनांक को पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी एवं यातायात के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त की उपस्थिति में यातायात पुलिस द्वारा चारों यातायात जोन के लिए चार विशेष पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया।

पुलिस उपायुक्त श्री त्रिपाठी द्वारा बताया गया कि शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव एवं अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई स्थानों पर यातायात बाधित होने की स्थिति उत्पन्न होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक जोन में एक-एक टीम तैनात की गई है, जो अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर निगरानी रखेगी और  त्वरित कार्रवाई करेगी।

 

  • प्रत्येक टीम में निम्न स्टाफ एवं संसाधन रहेंगे:-

 

सूबेदार/उप निरीक्षक (टीम प्रभारी)

1 एएसआई / प्रधान आरक्षक

4 आरक्षक

1 महिला आरक्षक

2 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम

 

  • टीम के पास उपलब्ध संसाधन:-
  1. एनाउंसमेंट हेतु पी.ए. सिस्टम
  2. पेट्रोलिंग मोटरसाइकिल
  3. कार्यवाही की पारदर्शिता हेतु बॉडी वॉर्न कैमरा
  4. क्रेन/सपोर्ट वाहन
  5. दो/चार पहिया वाहनों पर कार्यवाही हेतु व्हील लॉक
  6. चालान कर्ता टीम के पास पीओएस मशीन

 

  • मुख्य कार्य एवं उद्देश्य:-

चारों टीम अपने-अपने यातायात प्रबंधन जोन में मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आकस्मिक भ्रमण करेगी।

इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।

  • विशेष रूप से ऐसे क्षेत्र जहाँ अक्सर – फुटपाथ पर वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, मुख्य मार्ग पर अवैध पार्किंग की जाती है, दुकानों के बाहर सड़क पर वाहन लगाकर आवागमन बाधित किया जाता है, वहाँ टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर यातायात को सुचारू किया जाएगा एवं नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों पर व्हील लॉक/क्रेन के माध्यम से चालानी कार्यवाही की जाएगी।
  • जनसहयोग हेतु अपील:-

टीम द्वारा पीए सिस्टम के माध्यम से दुकानदारों, रहवासियों एवं आम नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

 

  • पारदर्शिता एवं अनुशासन:-

कार्यवाही की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु टीम के सभी सदस्य बॉडी वॉर्न कैमरे का उपयोग करेंगे जिससे संपूर्ण कार्यवाही वीडियो रिकॉर्ड हो सके। साथ ही संपूर्ण कार्रवाई के दौरान उत्कृष्ट व्यावसायिक दक्षता, व्यवहार कुशलता एवं नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

  • निरंतर समीक्षा:-

इन टीमों द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी एवं आवश्यकता अनुसार सुधारात्मक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

 

यातायात पुलिस द्वारा यह पहल शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

keyboard_arrow_up
Skip to content