- घटना में फरियादी और आरोपी दोनों ही है सूचिबद्ध बदमाश, जिनकी आपसी रंजिश के चलते आरोपी ने दिया घटना को अंजाम।
- पुलिस ने जिलाबदर आरोपी आशीष के घटना कर भाग जाने के मंसूबे को किया नाकाम।
इंदौर – शहर में आपराधिक गतिविधियों पर रोकथाम लगाने तथा गुण्डे / बदमाशों के विरुद्ध कडी व प्रभावी कार्यवाही के निर्देश पुलिस कमिश्नर इंदौर द्वारा दिये गये है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन–02 श्री कुमार प्रतीक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन–02 श्री अमरेन्द्रसिंह के मार्गदर्शन में एसीपी परदेशीपुरा श्रीमती हिमानी मिश्रा द्वारा दिये निर्देशानुसार कार्यवाही करते हुए पुलिस थाना परदेशीपुरा द्वारा क्षेत्र में अडीबाजी कर लोगों को परेशान करने वाले शातिर बदमाश को घटना के 5 घंटे के भीतर पकड़ा गया है।
दिनांक 11/02/2026 को फरियादी नितिन पंवार निवासी आदर्श बिजासन नगर इन्दौर ने थाने पर सूचना दी थी कि दोपहर करीब 03 बजे कमेटी हाल के पास आदर्श बिजासन नगर इन्दौर में खडा था तभी एक मोटरसायकल पर आशीष पाल उसके 02 दोस्तों को लेकर आया और अडीबाजी करते हुये शराब पीने के पैसे मांगने लगा नहीं देने पर मेरे हाथ पर चाकू मार दिया । उक्त घटना के कुछ ही घण्टे बाद आरोपी आशीष द्वारा विकास दुबे निवासी गुरूनानक कालोनी अन्नपूर्णा इन्दौर के साथ आदर्श बिजासन नगर स्थित चौकसे धर्मशाला के पास मारपीट कर शराब पीने के रूपये की मांग की गई । दोनों सूचनाकर्ता की रिपोर्ट पर आरोपी आशीष पाल, शुभम पण्डित व एक अन्य के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिये गये।
फरियादी द्वारा थाने पर सूचना देते ही तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी परदेशीपुरा द्वारा टीम गठित कर आरोपी आशीष पाल निवासी फिरोज गाँधीनगर इन्दौर की गिरफ्तारी के लिये मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। टीम ने तकनिकी मदद और अपने सूचना – तंत्र के संपर्क में रहकर घटना के 05 घण्टे के भीतर ही आरोपी आशीष पाल को गिरफ्तार कर लिया ।
आरोपी आशीष पाल को पुलिस आयुक्त के आदेश दिनांक 15अक्टूबर 2025 से एक वर्ष की अवधि के लिये जिला इन्दौर की राजस्व सीमा से जिलाबदर किया गया था जिसका आरोपी द्वारा स्पष्ट उल्लंघन करने से धारा 14 राज्य सुरक्षा अधिनियम का अपराध पृथक से दर्ज किया गया है।
आरोपी आशीष पाल और फरियादी नितिन पंवार दोनों ही थाने के सूचिबद्ध बदमाश हैं । आरोपी आशीष पाल द्वारा जिलाबदर अवधि में घटना को अंजाम देकर भाग जाने के मंसूबे को परदेशीपुरा पुलिस ने नाकाम कर चंद घण्टे में ही आरोपी को दबोच लिया । आरोपी अभी पुलिस अभिरक्षा में है जिससे घटना में प्रयुक्त एक चाकू की जप्ती भी की गई है और बाकी साथियों की तलाश जारी है । प्रकरण में विवेचना के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी परदेशीपुरा आर. डी. कानवा, उपनिरीक्षक दीपक जामोद, प्रधान आरक्षक देवीसिंह मीणा, आरक्षक जैवेन्द्र गुर्जर, आरक्षक मोहरसिंह, आरक्षक विकास व आरक्षक दिनेश गोलाने तथा सायबर सेल जोन – 2 इन्दौर के आरक्षक विनित व निकिता की उल्लेखनीय भूमिका रही ।





