- डीसीपी श्री राजेश त्रिपाठी द्वारा व्यापारियों के सुझावों पर बेहतर यातायात व्यवस्था हेतु दिए आवश्यक दिशा निर्देश ।
इंदौर शहर के यातायात को सुगम, सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ( अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त, श्री राजेश कुमार त्रिपाठी (प्रभारी यातायात) के मार्गदर्शन में लगातार यातायात पुलिस द्वारा प्रयास किये जा रहे है।
इसी क्रम में आज दिनाँक 7 फरवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त श्री राजेश त्रिपाठी द्वारा राजवाड़ा क्षेत्र में बेहतर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था में सहयोग हेतु सराफा एसोसिएशन, शीतलामाता बाजार, बर्तन बाजार, कपड़ा बाजार, सीतलामाता बाजार, आड़ा बाजार, खजूरी बाजार पुस्तक व्यापारी, रहवासी संघ आदि के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक ली। इस दौरान एडिशनल डीसीपी श्री नरेश कुमार अन्नोटिया, एसीपी सुश्री सुप्रिया चौधरी, प्रभारी यातायात नियंत्रण कक्ष पश्चिम राधा यादव, थाना प्रभारी सराफा राजकुमार लिटोरिया व नगर निगम के पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
डीसीपी श्री त्रिपाठी को व्यापारियों द्वारा पैसेंजर रिक्शा में लोडिंग का सामान रखने वालों पर कार्यवाही, अन्य बाजार में ठेले-रिक्शा खड़े रहने से यातायात में अवरोध, ई- रिक्शा, पार्किंग व मार्गों पर अतिक्रमण आदि की बात रखी गयी। सभी ने संयुक्त रूप से राजवाड़ा क्षेत्र के मुख्य मार्गो व पार्किग स्थलों का भ्रमण किया।
व्यापारियों के सुझाव पर डीसीपी श्री त्रिपाठी ने बेहतर यातायात व्यवस्था हेतु निम्न बिंदुओं पर कार्यवाही हेतु आवश्यक निर्देश दिए-
- राजवाड़ा क्षेत्र के सुगम यातायात के लिए व्यापारियों से निरंतर संवाद बना रहे इसलिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए जिसमें समय-समय पर सुझाव, समस्या बताई जा सके।
- व्यापारी संगठनों के साथ यातायात पुलिस साप्ताहिक बैठक आयोजित करें और किए गए कार्य की समीक्षा की जाए।
- सवारी रिक्शा में माल ढोने वाले रिक्शा पर कार्यवाही करें
- व्यापारियों ने भी अपने वाहन पार्किंग में व्यवस्थित रखने पर सहमति जताई।
- सड़क पर बेतरतीब नो पार्किंग जोन में वाहन पार्क करने वाले वाहनों पर कार्यवाही करे।
- नगर निगम, यातायात पुलिस, सराफा थाना पुलिस संयुक्त कार्यवाही कर यातायात में बाधित अतिक्रमण, ठेलों आदि को हटवाने की कार्यवाही करें।
- दुकानों के बाहर सड़क पर बनी हुई सफेद मार्किंग के बाहर व्यापारी अपने या ग्राहकों के वाहन खड़े नही करेंगे, अन्यथा यातायात पुलिस क्रेन द्वारा नो पार्किंग की कार्यवाही की जाएगी।
राजवाड़ा क्षेत्र के यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगरनिगम, थाना पुलिस और यातायात पुलिस संयुक्त रूप से व्यापारियों के सहयोग से कार्यवाही करेगी।





