• सड़क दुर्घटना में त्वरित सहायता कर बचाइए किसी की जान, मिलेगा 25 हजार रु. का इनाम और सम्मान

 

इंदौर-  सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भारत सरकार सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा अप्रैल 2025 से ‘‘राह वीर योजना’’ संचालित  की जा रही है, जिसका मध्य प्रदेश में भी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

इस योजना के प्रति लोगों में जनजागरूकता बढ़ाने तथा इससे जुड़े अन्य सभी विभागों के बेहतर समन्वय के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग व शहर के प्रमुख हॉस्पिटल्स के पदाधिकारियों के साथ इंदौर पुलिस द्वारा एक समन्वय बैठक का आयोजन आज दिनांक 5 फरवरी 2026 को पुलिस आयुक्त कार्यालय में किया गया।

उक्त बैठक में CHMO इंदौर डॉ. माधव प्रसाद हसानी, एआरटीओ इंदौर श्री राजेश गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) इंदौर श्रीमती सीमा अलावा सहित शहर के सभी प्रमुख हॉस्पिटल- अरविंदो, बॉम्बे, चोइथराम, MYH,  एमजीएम मेडिकल कॉलेज, विशेष जूपिटर आदि हॉस्पिटल से आए प्रतिनिधियों के साथ ही  नगरीय इंदौर के सभी थानों के प्रधान आरक्षक से उप निरीक्षक स्तर तक के पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।

राहवीर योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन आवर में त्वरित सहायता सुनिश्चित करना है ताकि समय पर उपचार से उनकी जान बचाई जा सके।

लोगों में इस योजना के प्रति जनजागरूकता बढ़े और आमजन सड़क पर किसी भी दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने को तत्काल आगे  आए, और इस योजना में संबंधित व्यक्ति को उसके द्वारा की गई मदद का सही प्रोत्साहन मिले इसके लिए, बेहतर आपसी तालमेल व कार्यप्रणाली पर इस बैठक में चर्चा की गई।

इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना के पीड़ित व्यक्ति को शीघ्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल) पहुँचाने वाले किसी भी व्यक्ति को शासन द्वारा 25,000 रुपये का पुरस्कार प्रदाय किया जाएगा, बस वो व्यक्ति घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के बाद अपनी बेसिक जानकारी अस्पताल में आवश्यक रूप से नोट करावे

 

बैठक में रहवीर योजना के साथ ही, हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना 2022 के क्रियान्वयन के संबंध में भी चर्चा हुई, इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में पीड़ित के गंभीर रूप से घायल होने पर राशि ₹50000 एवं मृत्यु होने पर राशि 2 लाख रुपए मृतक के वैध परिजन एवं घायलों को दिए जाने का प्रावधान है।

 

इस अवसर पर सभी ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली राहवीर योजना के माध्यम से आमजन को ये संदेश दिया कि दुर्घटना को अनदेखा न कर, इंसानियत दिखाए और त्वरित सहायता कर पीड़ित की जान बचाने में सहभागी बने।

 

आओ मदद का हाथ बढ़ाए, चलो किसी की जिंदगी बचाएं…

keyboard_arrow_up
Skip to content