• दम घोंटकर की थी महिला की हत्या, पुलिस थाना बाणगंगा ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

 

  • आरोपियों ने मृतिका के घर में चोरी करने के लिए दिया था घटना को अंजाम

 

इंदौर – पुलिस थाना बाणगंगा क्षेत्रांतर्गत दिनांक 23/01/2026 को गंगा धाम कॉलोनी में टी.सी.एस.कंपनी में हाउसकीपिंग का कार्य करने वाली महिला गायत्री पति सुनील धीमान (उम्र 40 वर्ष) का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिला था, मृतिका के हाथ-पैर बंधे हुए थे तथा मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची एवं वैज्ञानिक व विधिसम्मत तरीके से जांच प्रारंभ की गई। पी.एम. रिपोर्ट में मृतिका की दम घोंटकर हत्या किया जाना प्रमाणित होने तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना बाणगंगा पर अपराध  पंजीबद्ध किया गया।

 

उक्त घटना पर पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा, मामले का शीघ्र  खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए गए। जिसके परिपेक्ष्य में पुलिस उपायुक्त जोन-3 श्री राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-3 श्री रामसनेही मिश्रा द्वारा सहायक पुलिस आयुक्त हीरानगर श्रीमती रुबीना मिजवानी के मार्गदर्शन में पुलिस थाना बाणगंगा ‌द्वारा उक्त अंधे कत्ल की गंभीर घटना का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।

 

जांच एवं आरोपियों की गिरफ्तारी: घटना के खुलासे हेतु  सहायक पुलिस आयुक्त हीरानगर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान घटनास्थल व आसपास लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, पड़ोसियों एवं क्षेत्रवासियों से गहन पूछताछ की गई तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। संकलित साक्ष्यों के आधार पर घटना में संलिप्त आरोपियों की पहचान मृतिका के पड़ोस में किराए से रहने वाले-

  1. अमित मौर्य, निवासी गंगा धाम कॉलोनी
  2. सुमित मौर्य, निवासी गंगा धाम कॉलोनी तथा
  3. अमित गड़ेकर, निवासी वीणा नगर, इंदौर के रूप में की गई।

 

पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही थी, इसी दौरान दिनांक 28/01/2026 की रात्रि में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी अमित मौर्य व सुमित मौर्य एक ऑटो से फरार होने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा सघन घेराबंदी की गई। सुपर कॉरिडोर चौराहे के पास सर्विस रोड पर ऑटो को रोकने का इशारा करने पर आरोपी तेज गति सेभागे, किंतु अंधेरा एवं ऊबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया, जिससे दोनों आरोपियों के हाथ-पैर में चोटें आई। दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मृतिका की दिनचर्या पर कई दिनों से नजर रखे हुए थे। चोरी के उद्देश्य से उन्होंने सुबह के समय मृतिका के घर में प्रवेश कर उसके हाथ-पैर बांधकर व मुंह में कपड़ा ठूंसकर दिया था। जिसके कारण दम घुटने से हत्या की तथा घर से नकदी व जेवरात चोरी किए थे । घटना में शामिल तीसरा आरोपी अमित  गाडेकर, निवासी वीणा नगर, इंदौर फिलहाल फरार है,  जिसके विरुद्ध पूर्व में भी थाना बाणगंगा में चोरी का प्रकरण पंजीबद्ध है,  उसकी तलाश हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रकरण में विवेचना जारी है जिसके आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही एवं पूछताछ की जा रही है।

 

गिरफ्तार आरोपी:-

  1. अमित मौर्या, निवासी गंगा धाम कॉलोनी, इंदौर
  2. सुमित मौर्या, निवासी गंगा धाम कॉलोनी, इंदौर

 

पुलिस टीम :- उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बाणगंगा, निरीक्षक सियाराम गुर्जर,  उप निरीक्षक सीमा मुवेल, उप निरीक्षक शुभम पान्डे, प्रआर. 1898 कमलेश चावड़ा, प्रआर. 2021 चरणसिंह, आर. 3720 जितेन्द्र गोयल, आर. 3988 सुखवेन्द्र, आर. 362 धर्मेन्द्र ओझा, आर. 2835 नागेन्द्र, आर. 2389 प्रमोद मवई का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जिस पर डीसीपी ज़ोन-03 द्वारा सभी को नगद ईनाम से पुरस्कृत किया जा रहा है।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content