◆ एडिश्नल कमिश्नर इंदौर ने तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर, दिया सभी को हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, अस्मिता और गौरव के प्रतीक तिरंगे को शान से अपने घरो पर फहराने का संदेश।
◆ पुलिस ने बाइक पर व हाथों में तिरंगा लेकर, जनजागरूकता हेतु निकाली तिरंगा यात्रा।
इंदौर -दिनांक 11 अगस्त 2025- हमारे देश की आजादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस पर देश की आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रध्वज तिरंगे को पूरे गौरव व सम्मान के साथ देशभर में हर घर पर फहराया जाए, और स्वतंत्रता का ये महापर्व स्वच्छता का भी पर्व बनें इसी को ध्यान में रखते हुए देशवासियों को देशभक्ति की भावना से जोडने और उन्हें देश की आजादी व स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से शासन निर्देशानुसार, “हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता अभियान” का आयोजन 11 से 15 अगस्त तक किया जा रहा है।
इस अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में अति. पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री अमित सिंह व अति. पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव द्वारा “हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता अभियान” के सेल्फी पॉइंट का फीता काटकर व तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से इस अभियान का शुभारंभ किया गया ।
उक्त बाइक रैली में नगरीय इंदौर के डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, एसीपी की उपस्थिति में कई थाना प्रभारियों सहित 500 से ज्यादा पुलिस कर्मियों व नगर सुरक्षा समिति सदस्यों ने अपने दोपहिया वाहनों पर और हाथ में तिरंगे थामकर, पुलिस कमिश्नर कार्यालय पलासिया से राजवाड़ा तक ये जागरूकता रैली निकाली और सभी को ये संदेश दिया कि, हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, अस्मिता और गौरव के प्रतीक तिरंगे को स्वयं एवं अपने आसपास के लोगों के साथ मिलकर अपने घरों पर पूरे गर्व व सम्मान के साथ फहराएं और पूरे हर्षोउल्लास और स्वच्छता का संकल्प लेते हुए राष्ट्रीय पर्व मनाएं।
उक्त तिरंगा यात्रा पलासिया से शुरू होकर, घंटाघर चौराहा, रीगल चौराहा होते हुए राजवाड़ा पर समाप्त हुई। इस दौरान सभी पुलिस कर्मियों ने देश प्रेम के नारों के साथ लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने एवं इस तिरंगा अभियान से ज्यादा से ज्यादा लोग जुड़ें इसके लिए ये जागरूकता यात्रा पूरे जोश उत्साह के साथ निकाली गई और लोगों से आह्वान किया कि हमारे इस राष्ट्रीय पर्व पर इस अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और अपने राष्ट्र का गौरव तिरंगा घर पर जरूर फहराएं।