- माता जीजाबाई गवर्मेन्ट गर्ल्स कॉलेज में, इंदौर पुलिस की महिला सुरक्षा टीम ने लगाई सामाजिक जनजागरूकता की पाठशाला ।
- पुलिस टीम ने उन्हें महिला अपराधों, सायबर फ्रॉड के साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी किया जागरूक।
इन्दौर – महिला एवं बच्चों के विरूद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम को दृष्टिगत रखते हुए, सामुदायिक पुलिसिंग के तहत बालिकाओं एवं महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने तथा उनकी सुरक्षा और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार के मार्गदर्शन में इन्दौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा ‘‘सृजन-नई दिशा नया गगन’’ सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में महिला सुरक्षा शाखा की पुलिस टीम माता जीजाबाई गवर्मेन्ट गर्ल्स कॉलेज में पहुँची। अति. पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) श्रीमती प्रियंका डुडवे व टीम ने कॉलेज की करीब 200 छात्राओं को महिलाओं से जुड़े सामान्य अपराधों,मानव दुर्व्यापार व सामाजिक बातों की जानकारी के साथ, पुलिस द्वारा चलाये जा रहे सृजन कार्यक्रम की रूपरेखा व उद्देश्य से भी अवगत करवाया।
महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्रओं से रूबरू होते हुए कहा कि, प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं सफलता के साथ भागीदारी बढ़ाएगी, तो समाज में नारी का महत्व व मान – सम्मान और ज्यादा बढेगा। अतः आप लोग पूर्ण आत्मविश्वास व मेहनत से अपने करियर का निर्माण करें, और अपने परिवार, समाज व देश के साथ नारी शक्ति को भी गौरवान्वित करें।
टीम ने सभी को पुलिस के विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी देते हुए वर्तमान के साइबर अपराधों के साथ नशे के दुष्परिणामों के बारें में भी जागरूक किया।