- म्यूल बैंक खातों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी करने वाले नेटवर्क का हुआ खुलासा
- मुख्य आरोपी सहित 02 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज, रतलाम निवासी मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
- फेडरल बैंक के म्यूल खाते का उपयोग कर संगठित तरीके से की जा रही थी अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी।
- खाताधारक ने मात्र ₹10,000 के लालच में अपना बैंक खाता मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ पंकज मीणा को संचालन एवं साइबर ठगी के लिए सौंपा था।
- मुख्य आरोपी द्वारा इसी प्रकार ₹10,000-₹10,000 देकर अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते भी प्राप्त करने की जानकारी आई हैं सामने ।
- उक्त बैंक खाते के विरुद्ध तमिलनाडु एवं तेलंगाना में साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज होना पाया गया।
इंदौर । सायबर अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त (अपराध) के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा OPERATION MATRIX के तहत साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से प्राप्त पत्र दिनांक 25.08.2026 तथा I4C (गृह मंत्रालय), NCRP एवं साइबर क्राइम पोर्टल से प्राप्त इनपुट के आधार पर फेडरल बैंक के एक संदिग्ध म्यूल बैंक खाते की जांच की गई।
जांच में उक्त बैंक खाते का खाताधारक अंशु निवासी इंदौर होना पाया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि खाताधारक अंशु ने ₹10,000 की राशि लेकर अपना बैंक खाता रतलाम निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा, , जिला रतलाम को उपयोग एवं संचालन के लिए सौंप दिया था।
आगे की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ पंकज मीणा इसी तरह अन्य व्यक्तियों को भी ₹10,000-₹10,000 का लालच देकर उनके बैंक खाते प्राप्त करता था तथा इन खातों का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि के लेन-देन के लिए किया जा रहा था।
साइबर क्राइम पोर्टल एवं उपलब्ध अंतरराज्यीय समन्वय इनपुट के परीक्षण में उक्त म्यूल बैंक खाते के विरुद्ध देश के दो राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज होना सामने आया। जिनका विवरण निम्नानुसार है—
तमिलनाडु – कल्लाकुरिची, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन।
तेलंगाना – मलकाजगिरी, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन।
इस प्रकार एक ही बैंक खाते का उपयोग विभिन्न राज्यों में साइबर अपराधों से जुड़ी धनराशि के लेन-देन में किए जाने के तथ्य सामने आए।
जांच में बैंक खाते के खाताधारक एवं उसके वास्तविक संचालक की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए जाने पर थाना क्राइम ब्रांच इंदौर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान बैंक खाते का वास्तविक संचालन करने वाले मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ पंकज मीणा की भूमिका सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा गिरफ्तार आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। आरोपी द्वारा इसी प्रकार प्राप्त किए गए अन्य बैंक खातों, उनके खाताधारकों तथा साइबर धोखाधड़ी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही अंतरराज्यीय साइबर अपराध नेटवर्क की पूरी कड़ी का पता लगाकर इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा OPERATION MATRIX के तहत साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों एवं उनके माध्यम से संचालित अवैध नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी है।


