- ऑनलाइन क्रिकेट एवं कैसीनो सट्टेबाजी से जुड़े 03 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई
- लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज एवं नगद राशि जप्त
- ऑनलाइन सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़े 07 करोड़ रुपये के रजिस्टर किए जप्त
इंदौर – शहर में अपराधों पर नियंत्रण हेतु अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियो के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर द्वारा दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय), पुलिस उपायुक्त (अपराध) के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा ऑनलाइन क्रिकेट एवं कैसीनो सट्टेबाजी से संबंधित गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक: 162/2026
धारा धारा 3/4 पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट , भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(1) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। प्रकरण में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म powerdreams.co तथा मोबाइल फोन एवं लैपटॉप के उपयोग से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान प्राप्त डिजिटल उपकरणों, बैंकिंग दस्तावेजों एवं अन्य सामग्री के आधार पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना की जा रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जप्त रजिस्टरों में दर्ज लेन-देन के विवरण तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में उपलब्ध जानकारी का परीक्षण कर मामले से संबंधित तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। विवेचना के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ऑनलाइन सट्टे से संबंधित गतिविधियों में किन व्यक्तियों की भूमिका रही तथा उपलब्ध दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों से कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- यश शुक्ला, उम्र 23 वर्ष, निवासी – जिला ललितपुर, थाना ललितपुर ।
- आकाश जिंदल,उम्र 27 वर्ष, नवासी – नीमच, थाना बघाना ।
- गौरव यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी – जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश ।
शिक्षा / कार्य
- आरोपी यश शुक्ला बी.कॉम. तक शिक्षित है तथा ललितपुर (उ.प्र.) मंडी मे आड़तिया का कार्य करता है।
- आरोपी आकाश जिंदल बी.कॉम तक शिक्षित है तथा नीमच मंडी में आड़तिया का कार्य करता है।
- आरोपी गौरव यादव 12वीं तक शिक्षित है तथा मोटर वांइडिंग का कार्य करता है।
जप्त सामग्री
* 01 लैपटॉप।
* 09 मोबाइल फोन।
* 06 एटीएम कार्ड।
* 02 बैंक चेकबुक।
* ₹7,000 नगद।
जप्त सामग्री का अनुमानित कुल मूल्य: लगभग ₹2,97,000।
अग्रिम कार्यवाही
क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों एवं वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
इंदौर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवैध सट्टेबाजी गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन सट्टेबाजी के प्रलोभन में आकर अपनी धनराशि जोखिम में न डालें।
सराहनीय भूमिका उक्त कार्यवाही में क्राइम ब्रांच इंदौर के थाना प्रभारी एवं टीम की सराहनीय भूमिका रही।


