🔸 विभिन्न ज़ोन एवं सेक्टर में पुलिस आधुनिक संसाधनों से लैस होकर रहेगी पूरी तरह मुस्तैद।
🔸 वॉच टॉवर, ड्रोन, CCTV एवं Face Recognition कैमरों से रहेगी चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर
🔸 बहुमंजिला इमारतों पर तैनात रहेगी पुलिस, वायनाकुलर व कैमरों से हर गतिविधि पर रखी जाएगी विशेष निगरानी
🔸 गुंडे-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर रहेगी विशेष निगरानी, गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही
इंदौर – शहर में गणेशोत्सव एवं आगामी अनंत चतुर्दशी के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक झांकियों, अखाड़ों एवं चल समारोह को सुरक्षित, व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा दिनांक 23.09.2026 को कार्यालय के सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (कार्य./व्यव.) श्री मयंक अवस्थी, सभी पुलिस उपायुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त तथा थाना प्रभारीगण सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा अनंत चतुर्दशी के दौरान निकलने वाली झांकियों एवं अखाड़ों के चल समारोह के रूट, समय, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, आपातकालीन व्यवस्थाओं तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
6 संभाग, 12 ज़ोन एवं 22 सेक्टर में विभाजित रहेगी पुलिस व्यवस्था
अनंत चतुर्दशी के विशाल आयोजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस व्यवस्था को 6 संभाग, 12 ज़ोन एवं इसके अंतर्गत 22 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक स्तर पर पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए पुलिस बल बलवा ड्रिल व आधुनिक संसाधनों से लैस होकर पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे। वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार अपने-अपने क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी एवं समीक्षा करेंगे।
वॉच टॉवर एवं बहुमंजिला इमारतों से होगी निगरानी
चल समारोह के प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वॉच टॉवर स्थापित किए जाएंगे, जहां पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी कैमरे, PA सिस्टम एवं अन्य आधुनिक साधनों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग करेंगे।
वहीं प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर स्थित बहुमंजिला इमारतों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा, जो वायनाकुलर व कैमरों के माध्यम से चल समारोह एवं आसपास की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखेगा।
ड्रोन यूनिट रहेगी सक्रिय
अनंत चतुर्दशी के दौरान ड्रोन यूनिट द्वारा लगातार हवाई निगरानी की जाएगी। ड्रोन ऑपरेटर्स के साथ सहयोगी वॉचर्स भी तैनात रहेंगे, जो ड्रोन से प्राप्त गतिविधियों की लगातार निगरानी करेंगे तथा परिस्थितियों के अनुसार संबंधित पुलिस टीमों को तत्काल सूचना देकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगे।
पुलिस कमिश्नर द्वारा अधिकारियों को दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश—
◆ सभी झांकियों एवं अखाड़ों के निर्धारित रूट एवं समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। निर्धारित समय एवं रूट में बिना अनुमति किसी प्रकार का परिवर्तन न होने दिया जाए।
◆ झांकियों एवं अखाड़ों द्वारा मंच आदि के सामने निर्धारित समय का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।
◆ आयोजकों द्वारा पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर्स की व्यवस्था की जाए तथा उन्हें आयोजन से पूर्व उनकी जिम्मेदारियों एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के संबंध में उचित रूप से ब्रीफ किया जाए।
◆ प्रत्येक झांकी/आयोजन से जुड़े वाहनों की फिटनेस एवं मैकेनिकल जांच पूर्व से कराई जाए तथा इसकी पुष्टि संबंधी आवश्यक दस्तावेज/प्रमाण पत्र आयोजकों से प्राप्त किए जाएं।
◆ झांकियों एवं वाहनों में की गई इलेक्ट्रिफिकेशन/विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा का प्रमाण-पत्र भी आयोजकों से प्राप्त किया जाए तथा विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
◆ आयोजकों द्वारा प्रत्येक वाहन के लिए निर्धारित चालक के अतिरिक्त एक स्पेयर ड्राइवर की व्यवस्था रखी जाए, ताकि किसी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध रहे। सभी चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
◆ झांकियों एवं अखाड़ों में शामिल वाहनों के चालकों की पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
◆ चल समारोह में किसी भी प्रकार के पशुओं से संबंधित वाहन, जैसे बैलगाड़ी, घोड़ागाड़ी, बग्गी आदि को शामिल न किया जाए। इस संबंध में आयोजकों को पूर्व से स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए तथा इसका पालन सुनिश्चित कराया जाए।
◆ किसी भी आकस्मिक घटना अथवा दुर्घटना से निपटने के लिए आवश्यक अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्ट्रेचर, एंबुलेंस एवं अन्य आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
◆ झांकियों एवं अखाड़ों के मार्ग तथा प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर CCTV, ड्रोन एवं Face Recognition कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए।
◆ संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर Face Recognition कैमरों के माध्यम से संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर विशेष निगरानी रखी जाए।
◆ अनंत चतुर्दशी आयोजन को ध्यान में रखते हुए संबंधित थाना क्षेत्रों में गुंडे-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए तथा पूर्व से चिन्हित बदमाशों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
◆ किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, विवाद, उपद्रव अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
◆ साउंड सिस्टम का उपयोग निर्धारित अनुमति एवं शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा (डेसीबल) के अंतर्गत ही कराया जाए।
◆ संभावित बारिश एवं मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए झांकियों, विद्युत उपकरणों, साउंड सिस्टम तथा अन्य व्यवस्थाओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक पूर्व तैयारी एवं वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
◆ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी आयोजन के दौरान सभी आयोजकों, श्रद्धालुओं एवं आमजन के साथ शालीन एवं अच्छा व्यवहार रखें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करें।
◆ पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में आयोजकों एवं संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी समस्या का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें।
◆ सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी के प्रति पूर्ण सजग एवं जिम्मेदार रहें। अच्छी एवं उत्कृष्ट ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, वहीं ड्यूटी में लापरवाही या कोताही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि अनंत चतुर्दशी इंदौर की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली परंपरा है। इसे सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं मॉनिटरिंग करते हुए कानून-व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखें तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट अनंत चतुर्दशी के ऐतिहासिक आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।


