- सड़क पर घायल व्यक्ति को देख यातायात जवानों ने तत्काल प्राथमिक सहायता देकर पहुंचाया अस्पताल
- घायल के बेटे ने यातायात कर्मियों का जताया आभार
इंदौर, दिनांक 17 सितंबर 2026। यातायात व्यवस्था के दौरान इंदौर यातायात पुलिस के आरक्षक क्रमांक 3705 पूरन शाक्यवार एवं आरक्षक क्रमांक 2318 अजय तोमर ने एक व्यक्ति को सड़क पर घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ा देखा। व्यक्ति के सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोट लगी हुई थी तथा घाव से रक्तस्राव हो रहा था।
आरक्षक पूरन शाक्यवार एवं अजय तोमर ने तत्काल घायल व्यक्ति को सड़क से सुरक्षित स्थान पर बैठाया। पुलिस कर्मियों ने प्राथमिक उपचार के लिए घायल के सिर एवं चेहरे के घाव पर पट्टी बांधी, जिससे रक्तस्राव को रोकने में मदद मिली।
इसके बाद यातायात पुलिसकर्मियों ने घायल व्यक्ति से उसके घर का पता एवं परिजन का मोबाइल नंबर प्राप्त किया और घायल व्यक्ति को उपचार हेतु तत्काल अस्पताल रवाना किया गया।
यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा समय पर की गई सहायता एवं संवेदनशीलता की आसपास मौजूद लोगों ने सराहना की। घायल व्यक्ति के पुत्र ने भी यातायात पुलिसकर्मियों का धन्यवाद व्यक्त किया।


