- विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पाठ, सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने की दिलाई शपथ*
इंदौर । आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर के दिशा निर्देशन में इंदौर यातायात पुलिस द्वारा निरंतर यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज आइडियल हायर सेकेंडरी स्कूल, तेजाजी नगर एवं शासकीय कन्या हिंदी माध्यमिक विद्यालय, खजराना में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आइडियल हायर सेकेंडरी स्कूल में यातायात निरीक्षक श्री ब्रजराज अजनार एवं एएसआई श्री हरिराम जोजावरे ने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के लगभग 70–80 विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। वहीं, शासकीय कन्या हिंदी माध्यमिक विद्यालय खजराना में यातायात निरीक्षक श्री विजेंद्र मुजाल्दे एवं सूबेदार श्री सुरेंद्र सिंह द्वारा लगभग 400 बालिकाओं एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट एवं कार में सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, रेड लाइट एवं यातायात संकेतों का पालन, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही पैदल चलते समय सावधानियों एवं सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों के बारे में भी समझाया गया।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जिम्मेदार एवं सुरक्षित सड़क उपयोगकर्ता बनने का संदेश दिया गया।


