• महिलाओं की सुरक्षा हेतु शक्ति मोबाइल टीमो को, पुलिस कमिश्नर इंदौर ने निर्देशित कर, किया रवाना

 

  • शहर के प्रमुख बाजारों व क्षेत्रों में शक्ति मोबाइल निरंतर पेट्रोलिंग कर, रखेगी आसामाजिक तत्वों पर  कड़ी नजर और सुरक्षा व्यवस्था रखेंगी सुदृढ़।

 

इंदौर। आगामी त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भीड़-भाड़ आदि में, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विशेष पुलिस टीम वाली “शक्ति मोबाइल वाहनों” का गठन किया गया है। ये विशेष पुलिस टीमें इन वाहनों से, रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत भ्रमण एवं पेट्रोलिंग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगी।

 

इसी क्रम में आज दिनांक 25 अगस्त 2026 को पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री आर के सिंह व अन्य पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में, इन शक्ति मोबाइल वाहनों एवं उनमें तैनात पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर, शहर में पेट्रोलिंग हेतु रवाना किया गया।

 

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा सभी पुलिस टीमों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क एवं सक्रिय रहकर लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक तत्वों, मनचलों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी आपत्तिजनक अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

इंदौर नगरीय क्षेत्र के चारों जोन (प्रत्येक में 2-2) में कुल 8 विशेष शक्ति मोबाइल आगामी दिनों में लगातार भ्रमण एवं पेट्रोलिंग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी। प्रत्येक शक्ति मोबाइल में एक महिला उपनिरीक्षक को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिनके साथ दो महिला पुलिसकर्मी एवं एक पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

 

शक्ति मोबाइल विशेष रूप से उन स्थानों पर सक्रिय रहेंगी, जहां त्योहारों के दौरान महिलाओं एवं आम नागरिकों की अधिक आवाजाही रहती है। इन टीमों की सतत मौजूदगी से प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।

 

महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, निर्भीक एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई यह विशेष व्यवस्था आगामी त्योहारों के दौरान निरंतर सक्रिय रहेगी।

 

इंदौर पुलिस की नागरिकों से अपील है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, छेड़छाड़ अथवा परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

 

महिलाओं की सुरक्षा में हर कदम पर रहेगा, इंदौर पुलिस की शक्ति का पहरा….

 

keyboard_arrow_up
Skip to content