इंदौर पुलिस कमिश्नरेट का सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान लगातार जारी…

 

  • इन्दौर ट्रैफिक साथी एप में अब तक 4710 नागरिक रजिस्टर्ड होकर, ले रहे है यातायात संबधी सुविधाओ का लाभ।

 

इंदौर– शहर में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त यातायात श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यह अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है।

 

इसी क्रम में आज 23 जून 2026 को पलासिया चौराहे पर इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा 33वां “हेलमेट पहनें–सुरक्षित रहें” वृहद जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री राजेश कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त यातायात श्री राजेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अभियान के दौरान ऐसे दोपहिया वाहन चालकों, जिनके वाहन संबंधी सभी दस्तावेज पूर्ण पाए गए, उन्हें सुरक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए हेलमेट प्रदान किए गए। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया गया तथा हेलमेट भी वितरित किए गए, ताकि भविष्य में वे स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

विशेष रूप से ऐसे जिम्मेदार वाहन चालकों, जो स्वेच्छा से हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करते हुए मिले, उन्हें सम्मानित कर उपहार भी प्रदान किए गए।

इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा अब तक आयोजित 33 हेलमेट जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 4,450 से अधिक हेलमेट जरूरतमंद वाहन चालकों को वितरित किए जा चुके हैं।

 

इसी प्रकार सुरक्षित यातायात हेतु जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “ट्रैफिक प्रहरी” अभियान से अब तक 3,915 नागरिक जुड़ चुके हैं।

 

वहीं इंदौर ट्रैफिक साथी एप से 4,710 नागरिक पंजीकृत होकर यातायात प्रबंधन में सहयोग कर रहे हैं। एप के सिविलियन रिपोर्ट्स फीचर के माध्यम से नागरिकों द्वारा अब तक 403 सूचनाएं यातायात उल्लंघनों एवं समस्याओं की ट्रैफिक पुलिस को उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिन पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content