● नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध इंदौर यातायात पुलिस की प्रभावी कार्यवाही..
● सुरक्षित यातायात की ओर बढ़ाए कदम – नो एंट्री के नियमों का न करें उल्लंघन।
इंदौर – शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व मार्गदर्शन में यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है साथ ही जनजागरूकता के प्रयास भी किये जा रहे है।
इसी क्रम में दिनांक 16 सितंबर से 30 सितंबर तक 15 दिनों में प्रतिबंधित मार्गों में नो एंट्री नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 439 वाहनों पर कार्यवाही की गई। इनमें से 425 वाहनों पर मौके पर ही चालानी कार्यवाही कर ₹21,25,000 का समन शुल्क लिया जाकर शासन के खाते में जमा कराया गया तथा 14 वाहनों के कोर्ट के चालान बनाए गए है।
कुछ मामलों में नशे की हालत में वाहन चलाते हुए भारी वाहन चालक पकड़े गए, जिन पर भी अन्य धाराओं में वैधानिक कार्यवाही करते हुए वाहन जप्त किए गए है।
यातायात पुलिस अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों, ऑपरेटरों एवं मालिकों को नियमों एवं शासन-प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करने की समझाईश व कड़ी हिदायत भी दी जा रही हैं।
यातायात पुलिस की सख्ती और वरिष्ठ अधिकारियों की सतत निगरानी के परिणामस्वरूप नो एंट्री उल्लंघन में उल्लेखनीय कमी देखने मे आई है।
● प्रयास एवं जनजागरूकता-
* यातायात पुलिस अधिकारियों द्वारा विभिन्न ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के साथ बैठकें कर शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
* ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों ने आश्वासन दिया कि वे वाहनों का संचालन नियमों के अनुरूप ही करवाएंगे और उल्लंघन पर कड़ी कार्यवाही का समर्थन भी करेंगे।
* यातायात पुलिस द्वारा नगर निगम के सहयोग से नो एंट्री पॉइंट्स पर बड़े संकेतक बोर्ड लगवाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालक समय रहते मार्ग बदल सकें और उल्लंघन से बचें।
● पुलिस की सभी से अपील-
सभी वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों से अनुरोध है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने हेतु नो एंट्री नियमों का पालन करें, नियम विरुद्ध संचालन से बचें और अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।