*आगामी दीपावली त्यौहार के मद्देनजर इंदौर पुलिस का विशेष सुरक्षा अभियान*
▪️*मोहल्ला मीटिंग के माध्यम से रहवासियों को किया जागरूक, अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की करी अपील*
इंदौर। आगामी दीपावली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए नगरीय इंदौर में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता एवं सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में नगरीय इंदौर के सभी जोन में संबंधित पुलिस थानों की टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पैदल भ्रमण (फुट पेट्रोलिंग) किया गया। इस दौरान संवेदनशील एवं हॉट स्पॉट क्षेत्रों में सघन चेकिंग करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। साथ ही आगामी त्यौहार को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में अवैध पटाखों एवं कार्बाइड गन जैसी प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री के अवैध विक्रय, उपयोग एवं भंडारण की भी सघन जांच की गई।
पुलिस टीमों द्वारा भ्रमण के दौरान क्षेत्र के रहवासियों के साथ मोहल्ला मीटिंग आयोजित कर उन्हें साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही त्यौहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
रहवासियों को विशेष रूप से समझाइश दी गई कि वे कार्बाइड गन जैसी प्रतिबंधित एवं खतरनाक सामग्री का उपयोग न करें और न ही इसके क्रय-विक्रय अथवा भंडारण को बढ़ावा दें। इसके अतिरिक्त अवैध पटाखों के विक्रय एवं भंडारण अथवा इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित पुलिस थाने या इंदौर पुलिस की क्राइम वॉच हेल्पलाइन नंबर 7049108283 पर सूचना दें।
इंदौर पुलिस की आमजन से अपील है कि दीपावली का त्यौहार सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री के उपयोग से बचें तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना देकर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
इंदौर पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।



