विद्यार्थियों ने एक स्वर में दोहराया नशामुक्त जीवन का संकल्प।
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के अंतर्गत लगातार विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 22 जुलाई 2026 को पुलिस उपायुक्त जोन-03 श्री अभिषेक रंजन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री ओमप्रकाश, सहायक पुलिस आयुक्त संयोगितागंज श्रीमती नीति दंडोतिया व थाना प्रभारी पलासिया और स्टाफ द्वारा सेंट अर्नोल्ड स्कूल, इंदौर में नशे के विरुद्ध एक विशेष जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डीसीपी श्री अभिषेक रंजन व अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने, सही संगति अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
विद्यालय के लगभग 1,000 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जीवनभर किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं रिश्तेदारों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, उसके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने हेतु महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों ,मानस हेल्पलाइन – 1933, नेशनल सुसाइड हेल्पलाइन – 14416 तथा नशा मुक्ति हेल्पलाइन – 14446 की जानकारी भी साझा की गई।






