*इंदौर की अनंत चतुर्दशी की गौरवशाली परंपरा में जुड़ा एक नया अध्याय….*

 

▪️*बेहतर सुरक्षा और अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले श्री चंद्रपाल उस्ताद व्यायामशाला- प्रथम,  श्री दास हनुमान व्यायामशाला- द्वितीय एवं श्री बृजलाल गुरु व्यायामशाला ने तृतीय स्थान प्राप्त कर, इस आयोजन को दी नई पहचान।*

 

 

इंदौर, 28 सितंबर 2026 – इंदौर की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली अनंत चतुर्दशी चल समारोह की परंपरा को और सुरक्षित, व्यवस्थित एवं अनुशासित स्वरूप प्रदान करने तथा अखाड़ों को सुरक्षा एवं अनुशासन के बेहतर मानकों के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से, पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पहली बार “अखाड़ा गौरव सम्मान” पुरस्कार की शुरुआत की गई।

 

इस अभिनव पहल के तहत अनंत चतुर्दशी चल समारोह में शामिल अखाड़ों का समय प्रबंधन, अनुशासन, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्धारित मापदंडों के पालन के आधार पर गठित निर्णायक समिति द्वारा दिनांक 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के चल समारोह में रातभर बैठकर इन  अखाड़ों का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया गया था।  मूल्यांकन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन अखाड़ों का प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चयन किया गया।

 

 

“अखाड़ा गौरव सम्मान” समारोह का आयोजन आज 28 सितंबर 2026 को पुलिस कमिश्नर कार्यालय, इंदौर में किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त अखाड़ों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

साथ ही अत्यंत अल्प समय में इंदौर पुलिस की इस नई पहल को मूर्तरूप देने वाले निर्णायक समिति के सम्माननीय सदस्यगणों – वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व अध्यक्ष इंदौर प्रेस क्लब श्री अरविंद तिवारी, पूर्व प्रशिक्षक खेल एवं युवक कल्याण विभाग म.प्र. श्री विजय सिंह बरकिया, अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं एनआईएस कोच श्री विजय मिश्रा, एसडीआरएफ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं गोरियो ग्रुप के मेंटर श्री एल्मार जाधव, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती रचना जौहरी तथा रेड एफ.एम. मध्यप्रदेश एवं राजस्थान की प्रोग्रामिंग हेड श्रीमती पियूषा भार्गव को भी पुलिस कमिश्नर इंदौर द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

 

🏆 “अखाड़ा गौरव सम्मान” के विजेता

🥇 प्रथम स्थान-

श्री चंद्रपाल उस्ताद व्यायामशाला, पाटनीपुरा इंदौर – ₹51,000 नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र

 

🥈 द्वितीय स्थान –

श्री दास हनुमान व्यायामशाला, दास बगीची इंदौर -₹31,000 नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र

 

🥉 तृतीय स्थान- श्री बृजलाल गुरु व्यायामशाला, शंकरगंज जिंसी इंदौर –

₹21,000 नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र

 

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि अनंत चतुर्दशी का चल समारोह इंदौर की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली परंपरा है, जिसमें झांकियों के साथ ही शहर के अखाड़े भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था करना ही नहीं, बल्कि आयोजन से जुड़े सभी पक्षों के सहयोग से इसे और सुरक्षित, अनुशासित एवं व्यवस्थित स्वरूप देना भी है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से इस वर्ष पहली बार “अखाड़ा गौरव सम्मान” की शुरुआत की गई है, ताकि सुरक्षा एवं अनुशासन के  बेहतर पालन करने के प्रति अखाड़ों को प्रोत्साहित किया जा सके। यह सम्मान किसी एक आयोजन तक सीमित न रहकर आने वाले वर्षों में भी सभी को इसी प्रकार बेहतर सुरक्षा व व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए प्रेरित करेगा।

 

पुलिस कमिश्नर ने सभी अखाड़ों, आयोजकों, निर्णायक समिति, मीडिया  साथियों एवं नागरिकों द्वारा पुलिस को दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही अनंत चतुर्दशी का यह ऐतिहासिक आयोजन सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सका।

 

निर्णायक समिति एवं प्रेस क्लब सदस्यों ने की पुलिस व्यवस्थाओं की सराहना

 

इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पहली बार शुरू की गई “अखाड़ा गौरव सम्मान” पहल की निर्णायक समिति एवं प्रेस क्लब के सदस्यों ने सराहना की। साथ ही, उन्होंने इस वर्ष अनंत चतुर्दशी चल समारोह के दौरान इंदौर पुलिस द्वारा की गई व्यापक सुरक्षा, यातायात, निगरानी एवं व्यवस्थाओं की भी प्रशंसा की।

समिति के सदस्यों ने कहा कि इस पहल से अखाड़ों के बीच सुरक्षा एवं अनुशासन के बेहतर पालन के लिए सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में चल समारोह को और अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।

 

अखाड़ों ने भी पुलिस की व्यवस्थाओं को सराहा

 

समारोह में उपस्थित विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने भी अनंत चतुर्दशी चल समारोह के दौरान इंदौर पुलिस द्वारा की गई सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा की।

अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस की व्यापक व्यवस्थाओं, बेहतर समन्वय एवं सुरक्षा इंतजामों के चलते इस बार अनंत चतुर्दशी का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। उन्होंने इसके लिए पुलिस कमिश्नर इंदौर सहित पूरी इंदौर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए प्रशंसा की।

 

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, निर्णायक समिति के सदस्यगण,  प्रेस क्लब इंदौर अध्यक्ष श्री दीपक कर्दम एवं उनकी कार्यकारिणी के अन्य सदस्यगण सहित सम्मानित अखाड़ों के प्रतिनिधि एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

 

 

“अखाड़ा गौरव सम्मान” के माध्यम से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट का उद्देश्य अखाड़ों एवं आयोजन से जुड़े सभी पक्षों की सहभागिता से इंदौर की इस गौरवशाली परंपरा को हर वर्ष और अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित स्वरूप प्रदान करना है।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content