- हाथों में पोस्टर, हेलमेट लिए की सभी से यातायात नियम पालन की अपील।
इंदौर- शहर में सुगम व सुरक्षित यातायात हेतु आम जनमानस को सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ( अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त, श्री राजेश कुमार त्रिपाठी (प्रभारी यातायात) के मार्गदर्शन में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे है।
इसी कड़ी में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज महूनाका चौराहा पर एचीविंग स्कॉलर्स पब्लिक स्कूल, गुमास्ता नगर के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन हेतु एक प्रेरणादायक एवं सराहनीय पहल की गई।
इस अवसर पर बच्चों ने यातायात पुलिस इंदौर के साथ मिलकर विभिन्न सड़क सुरक्षा संदेशों वाले पोस्टर हाथों में लेकर वाहन चालकों को जागरूक किया। बच्चों की मासूम अपील और प्रभावी संदेशों ने राहगीरों एवं वाहन चालकों को अत्यंत प्रभावित किया तथा कई वाहन चालकों ने मौके पर ही यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया।
बच्चों द्वारा प्रदर्शित संदेशों में –
- “हेलमेट हमारी सुरक्षा के लिए है” ये बात हम बच्चों को समझ में आ गई, ना जाने बड़ों को कब समझ में आएगी”
- “मम्मी-पापा करते हो हमसे प्यार, तो हेलमेट पहनकर निकलो हर बार”
जैसे संदेश शामिल रहे, जिनके माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावी रूप से जनमानस तक पहुँचा।
बच्चों ने वाहन चालकों को हेलमेट दिखाते हुए आग्रह किया। “अंकल हेलमेट जरूर लगाइए”,
जिससे कई दोपहिया वाहन चालकों ने हेलमेट पहनने का संकल्प लिया। यातायात पुलिस इंदौर द्वारा निरंतर विभिन्न माध्यमों से आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिले।
यातायात पुलिस, नगरीय इंदौर द्वारा स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों एवं बच्चों के इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा की गई तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता हेतु प्रेरित किया गया।






