अनियंत्रित व अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाने वालों की स्पीड पर, इंदौर पुलिस का मॉड्यूलर व्हीकल बैरियर लगाएगा ब्रेक।
इंदौर – शहर में सुरक्षित व सुव्यवस्थित यातायात को ध्यान में रखते हुए, सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से, पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस द्वारा एक अभिनव पहल के तहत मॉड्यूलर व्हीकल बैरियर (Modular Vehicle Barrier) को प्रारंभ किया जा रहा है।
यह अत्याधुनिक बैरियर प्रणाली विशेष रूप से इस प्रकार डिज़ाइन की गई है कि इसे आवश्यकता अनुसार आसानी से स्थापित, हटाया एवं पुनः व्यवस्थित किया जा सकता है। मॉड्यूलर संरचना होने के कारण यह विभिन्न स्थानों पर लचीले रूप से उपयोग में लाई जा सकती है, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित होगा।
पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा उक्त मॉड्यूलर व्हीकल बैरियर (Modular Vehicle Barrier) के शुभारंभ के अवसर पर बताया कि, इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में अनियंत्रित व तेज गति से चलने वाले वाहनों पर नियंत्रण लगाना, दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यह बैरियर विशेष रूप से उन क्षेत्रों में उपयोगी सिद्ध होगा जहाँ दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस नई तकनीक के उपयोग से न केवल ट्रैफिक अनुशासन में सुधार होगा, बल्कि सड़क उपयोगकर्ताओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
सड़क सुरक्षा की दिशा में इंदौर पुलिस द्वारा इस नई तकनीक के प्रारंभ के सुअवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अप./मुख्या.) श्री आर.के.सिंह, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रभारी श्री राजेश त्रिपाठी सहित यातायात प्रबंधन पुलिस के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
इंदौर यातायात पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाएं।





