🔹 इंदौर पुलिस के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन

 

इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के अंतर्गत नित नए प्रयास कर लगातार विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है।

 

▪️इसी कड़ी में अति पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा शाखा) श्रीमती संध्या राय एवं उनकी टीम द्वारा एक्सीलेंट एकेडमी तथा किशोर बाल सुधार गृह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों एवं बालकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें जीवन में सही दिशा और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

▪️इसी क्रम में अति पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री राजेश दंडोतिया एवं उनकी टीम ने MAAC इंस्टीट्यूट, Vidhigya इंस्टीट्यूट, Aakash इंस्टीट्यूट एवं CMC इंस्टीट्यूट में विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा सभी को नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया।

 

▪️वहीं थाना मल्हारगंज पुलिस ने मुकेरीपुरा मस्जिद के बाहर रहवासियों को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने की अपील की।

 

▪️थाना द्वारिकापुरी पुलिस ने पैदल भ्रमण के दौरान नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ संबंधी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।

 

▪️थाना जूनी इंदौर पुलिस द्वारा विजय पैलेस कॉलोनी में मोहल्ला समिति की बैठक आयोजित कर नागरिकों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। इसी प्रकार थाना सदर बाजार पुलिस ने भिश्ती मोहल्ला में मोहल्ला समिति की बैठक के माध्यम से रहवासियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं टीमों द्वारा सभी लोगों को नशे के दुष्परिणामों, उसके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने हेतु मानस हेल्पलाइन – 1933, नेशनल सुसाइड हेल्पलाइन – 14416 तथा नशा मुक्ति हेल्पलाइन – 14446 की जानकारी भी साझा की गई।

 

इंदौर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें । आपकी जागरूकता और सहभागिता ही नशामुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ इंदौर की सबसे बड़ी शक्ति है।

keyboard_arrow_up
Skip to content