🔹 पुलिस कमिश्नर इंदौर ने साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी देकर, दिया सभी को सतर्क और जागरूक रहकर साइबर सुरक्षित रहने का संदेश

 

🔹 हेलमेट पहने सुरक्षित रहे अभियान के तहत हेलमेट वितरण के साथ ही दिलाया साइबर सुरक्षा का संकल्प।

 

🔹 बच्चों ने साइबर सुरक्षा के गीत पर मनमोहक प्रस्तुति, नाट्य कर्मियों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं एयर होस्टेस ने अनूठे अंदाज में किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक

 

इंदौर। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत, पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार नवाचारपूर्ण एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

इसी क्रम में आज दिनांक 30 जून 2026 को पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अप./मुख्या.) श्री आर के सिंह व अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

 

पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित हेलमेट वितरण कार्यक्रम के 34 वें संस्करण में आमजन को हेलमेट वितरित करने के साथ-साथ “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के स्टिकर्स भी लगाए गए तथा उन्हें इस अभियान से जुड़कर स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं आसपास भी लोगों को जागरुक करने के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम में अक्सा इंटरनेशनल की एयर होस्टेस द्वारा आकर्षक एवं प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

 

वहीं, छोटे-छोटे बच्चों ने साइबर सुरक्षा गीत पर अपनी मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने और हमेशा “सेफ क्लिक” करने का संदेश दिया।

 

इसके साथ ही सिक्का स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा साइबर जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक की प्रभावी प्रस्तुति दी गई, जिसमें विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी के तौर-तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का सशक्त संदेश दिया।

 

साइबर और सड़क सुरक्षा के इस कार्यक्रम में नगर सुरक्षा समिति सदस्यगण, ट्रैफिक प्रहरी, गणमान्य नागरिकगण एवं छोटे छोटे बच्चे भी भी सम्मिलित हुए। पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने उपस्थित नागरिकों एवं नन्हे बच्चों से साइबर सुरक्षा के संबंध में संवाद भी किया तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, अनजान लिंक, ओटीपी एवं संदिग्ध कॉल से सावधान रहने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

 

साइबर जागरूकता की इस अलख को और व्यापक बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने एक विशेष साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण करेगा। रथ पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी वीडियो, लघु फिल्में एवं जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा का संदेश प्रभावी रूप से पहुंच सके।

 

इस दौरान मीडिया कर्मी/ नगर सुरक्षा समिति/ ट्रैफिक प्रहरी/ नागरिकों को कमिश्नर महोदय द्वारा सेफ क्लिक अभियान की केप प्रदान कर इस अभियान से जोड़ा और उन्हें साइबर जागरूकता फैलाने में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।

keyboard_arrow_up
Skip to content