🔸सभी प्रदेश वासियों को पूरे हर्षोल्लास के साथ दशहरा पर्व मनाने हेतु दी शुभकामनाएं
🔸बेहतर व आधुनिक पुलिसिंग हेतु विकसित “पुलिस सेतु ऐप” का किया शुभारंभ
🔸सीएसआर के तहत प्राप्त पुलिस मोबाइल वाहनों का किया लोकार्पण
इंदौर, दिनांक 20 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के अवसर पर आज डीआरपी लाइन, इंदौर में माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में परंपरागत शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने माननीय विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधिगणों व सभी अतिथियों सहित विधि-विधान से कन्या पूजन, शस्त्र पूजन एवं हवन किया तथा परंपरा अनुसार शासकीय वाहनों का पूजन भी किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा पर्व सत्य और न्याय की विजय तथा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने सभी से यह पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री जी एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय जी की प्रेरणा से शस्त्र पूजन जैसे पारंपरिक आयोजनों में आमजन की सहभागिता बढ़ाने तथा पुलिस और नागरिकों के बीच समन्वय को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में संचालित किए जा रहे – इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप, Safe Click चैटबॉट, जिला ड्रोन यूनिट, सामुदायिक मध्यस्थता केंद्र एवं शक्ति मोबाइल जैसे नवाचारों की जानकारी दी और सीएसआर के तहत ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा द्वारा पुलिस को प्रदाय 50 मोटरसाइकिल व एक चार पहिया वाहन के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने नए पुलिस सेतु ऐप को नागरिकों की सुविधा और पुलिस सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विकसित ‘पुलिस सेतु ऐप’ का शुभारंभ किया। साथ ही, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा के माध्यम से प्राप्त 50 मोटरसाइकिलों एवं एक चार पहिया पुलिस मोबाइल वाहन का लोकार्पण किया। इन वाहनों से पुलिस की पेट्रोलिंग, यातायात प्रबंधन एवं मैदानी पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। वहीं, पुलिस सेतु ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं को अधिक सुगम, त्वरित, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में पहल की गई है।
अपने संबोधन में माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सभी को असत्य पर सत्य की जीत के पर्व विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए, इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की इन पहलों की सराहना की और कहा कि वर्तमान समय में कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और संसाधनों का उपयोग आवश्यक है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन नवाचारों के लिए बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों एवं नवीन तकनीकों से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में माननीय सांसद इंदौर श्री शंकर लालवानी, माननीय मंत्री महोदय श्री तुलसीराम सिलावट, विधायकगण श्री महेंद्र हार्डिया, श्री मधु वर्मा, सुश्री उषा ठाकुर,श्रीमती मालिनी गौड़, श्री रमेश मेंदोला एवं श्री गोलू शुक्ला, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, अन्य जनप्रतिनिधिगण, पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, आमजन तथा पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा परंपराओं के निर्वहन के साथ आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधनों एवं जनसहभागिता के माध्यम से नागरिक सुरक्षा और प्रभावी पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



