• मृगनयनी चौराहा पर यातायात निरीक्षण के दौरान 50 से अधिक वाहनों पर की कार्यवाही

 

इंदौर शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री सन्तोष कुमार सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आरके सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम/यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में, यातायात प्रबंधन पुलिस, नगरीय इंदौर द्वारा लगातार जन जागरुकता और कार्यवाही कर प्रयास किए जा रहे हैं। यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विधिवत एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

 

इसी क्रम में आज दिनांक 11 सितंबर 2026 को यातायात निरीक्षक श्री राहुल सिंह राजपूत एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा मृगनयनी चौराहा पर यातायात व्यवस्था का प्रबंधन एवं निरीक्षण किया गया। साथ ही अपने क्षेत्र में भ्रमण कर विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जेल रोड, नावेल्टी से मृगनयनी की ओर आने वाले मार्ग पर रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस टीम द्वारा रॉन्ग साइड वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 50 से अधिक वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।

 

कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को समझाइश भी दी गई कि जल्दबाजी अथवा लापरवाही के कारण रॉन्ग साइड वाहन चलाना न केवल यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करता है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटना की गंभीर संभावना बनी रहती है और स्वयं तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं का जीवन खतरे में पड़ सकता है।

 

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

keyboard_arrow_up
Skip to content