🔸विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव एवं सड़क सुरक्षा आदि विभिन्न विषयों के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए ‘जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद’ अभियान का हुआ समापन।
🔸अभियान के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकगण एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित।
इंदौर। विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, सुरक्षा के प्रति सजगता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने तथा पुलिस और समुदाय के बीच आपसी विश्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित किए जा रहे ‘जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद’ अभियान का आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नर कार्यालय, इंदौर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के साथ समापन किया गया।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में इस अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ विद्यार्थियों से संवाद आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को कानून, सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी एवं विभिन्न समसामयिक चुनौतियों के प्रति जागरूक किया गया।
समपन कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय श्री अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रियंका डुडवे सहित अभियान के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रियंका डुडवे ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अभियान की रूपरेखा, इसके उद्देश्यों तथा अभियान के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित जागरूकता गतिविधियों एवं संवाद कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह ने उपस्थित युवा विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम एवं सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक, सतर्क एवं जिम्मेदार रहने की प्रेरणा देते हुए इन विषयों पर इंदौर पुलिस द्वारा संचालित किए जा रहे विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक विद्यार्थी को कानून के प्रति जागरूक रहते हुए स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति भी संवेदनशील रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद’ अभियान का औपचारिक समापन अवश्य हो रहा है, लेकिन जनसुरक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं युवाओं से संवाद की यह पहल निरंतर जारी रहेगी। इंदौर पुलिस द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं एकजुटता के साथ रहने तथा राष्ट्रहित में मिल-जुलकर कार्य करने का आह्वान किया।
‘जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद’ अभियान के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के शिक्षकगण तथा नगरीय इंदौर पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राजेश दंडोतिया द्वारा उपस्थित अतिथियों, शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



