🔹हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, खिलाड़ियों एवं श्रद्धालुओं को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
🔹जन-जन तक पहुंचा ‘Say No to Drugs’ का संदेश, जागरूकता के साथ नशे के विरुद्ध जनभागीदारी का किया आह्वान
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है।
इसी क्रम में 19 जुलाई को शहरभर में विभिन्न स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
थाना संयोगितागंज क्षेत्र में एसीपी श्रीमती नीति दंडोतिया ने चिड़ियाघर पहुंचे पर्यटकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
थाना अन्नपूर्णा क्षेत्र के महू नाका पर आयोजित भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान एसीपी श्री शिवेन्दु जोशी ने श्रद्धालुओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
एडिशनल डीसीपी श्री राजेश दंडोतिया ने आयाम कोचिंग इंस्टीट्यूट में लगभग 400 विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई तथा उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। इसके अतिरिक्त नेहरू स्टेडियम में आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को भी खेल भावना के साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसी प्रकार थाना मल्हारगंज पुलिस ने टाटा स्टील चौराहा स्थित कालका माता मंदिर में दर्शनार्थियों, थाना तुकोगंज पुलिस ने 56 दुकान क्षेत्र में पंपलेट एवं पोस्टर्स के माध्यम से नागरिकों, थाना खजराना पुलिस ने बाबा मानसानगर, अनारबाग एवं मंसूरी कॉलोनी के रहवासियों, तथा थाना विजयनगर पुलिस ने स्कीम नंबर-74 में आयोजित मोहल्ला समिति की बैठक में उपस्थित नागरिकों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया।
इसके अतिरिक्त थाना कनाड़िया द्वारा संघवी रेसीडेंसी, थाना छत्रीपुरा द्वारा गंगवाल बस स्टैंड, थाना तेजाजी नगर द्वारा बस्ती के हाट बाजार, थाना सेंट्रल कोतवाली द्वारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-4 पर यात्रियों एवं ऑटो रिक्शा चालकों, थाना छोटी ग्वालटोली द्वारा शास्त्री ब्रिज एवं रेलवे स्टेशन, थाना पलासिया द्वारा लोक परिवहन वाहनों पर जागरूकता पंपलेट चस्पा कर तथा थाना एम.जी. रोड द्वारा राजवाड़ा क्षेत्र में नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, खिलाड़ियों, यात्रियों एवं श्रद्धालुओं ने नशे से दूर रहने की शपथ ली तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट नागरिकों से अपील करती है कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं बच्चों को भी इससे बचाएं तथा यदि कहीं भी ड्रग्स की बिक्री, सेवन अथवा अन्य मादक पदार्थों से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। आपकी सतर्कता और सहभागिता ही एक सुरक्षित, स्वस्थ एवं नशामुक्त इंदौर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।






