🔹 वीवीआईपी सुरक्षा एवं परीक्षा के दौरान पुलिस व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा कर, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश…
🔹पुलिस कमिश्नर इंदौर ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित भ्रमण कर, स्वयं परखी NEET UG परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था
इंदौर। महामहिम राष्ट्रपति महोदय के आगामी प्रस्तावित आगमन एवं 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा को दृष्टिगत रखते हुए, इस दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन संबंधी तैयारियों की समीक्षा हेतु पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा पुलिस अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दोनों आयोजन के लिए पृथक रूप से सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महामहिम राष्ट्रपति महोदय के प्रस्तावित आगमन के संबंध में दिए गए निर्देश-
पुलिस कमिश्नर ने वीवीआईपी दौरे को देखते हुए सभी अधिकारियों को उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने के साथ ही निम्न निर्देश दिए –
* एयरपोर्ट व उसके आसपास क्षेत्रों सहित संभावित रूट का विस्तृत सुरक्षा निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
* आगमन एवं प्रस्थान मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रखी जाए।
* एंटी-सैबोटाज चेकिंग, उच्च स्तरीय व्यापक सुरक्षा जांच कराई जाए।
* शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
* सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग की जाए।
* विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों एवं प्रशासनिक विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
* वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए।
* क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) एवं रिजर्व पुलिस बल को आवश्यकतानुसार अलर्ट मोड पर रखा जाए।
* शहर के समस्त होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, रैन बसेरों एवं पीजी (PG) में ठहरने वाले व्यक्तियों का सत्यापन एवं विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी का तत्काल परीक्षण किया जाए।
* संवेदनशील, चिन्हित एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा विभिन्न संदिग्ध गतिविधियों/संगठनों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
* रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
* सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर भ्रामक अथवा सुरक्षा संबंधी संवेदनशील सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए।
NEET परीक्षा के संबंध में दिए गए निर्देश-
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि NEET परीक्षा लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसे शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निम्न निर्देश दिए—
* सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
* संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था रखी जाए।
* परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
* सेंटर कॉर्डिनेटर से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।
* विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था (बैकअप प्लान) की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
* परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अवांछित गतिविधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।
* परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया जाए।
* अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
* परीक्षा संबंधी अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने हेतु सोशल मीडिया की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए।
बैठक में पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सतत मूल्यांकन करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में अति पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) इंदौर श्री आर.के. सिंह, अति पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) इंदौर श्री मयंक अवस्थी सहित नगरीय क्षेत्र के समस्त पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तगण, सहायक पुलिस आयुक्तगण एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
*परीक्षा की तैयारी की समीक्षा हेतु पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने, अन्य वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर आज सुबह विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाएं परखी तथा सभी लोगों को आपसी समन्वय के साथ, परीक्षार्थियों के लिए एक बेहतर और सुव्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया।






