• पूर्व में 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सह-आरोपी आया गिरफ्त में।

 

इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी एवं इनकी गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर द्वारा दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त (अपराध) के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत सघन चेकिंग व धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है।

 

इसी क्रम में दिनांक 27.09.2026 को क्राइम ब्रांच टीम द्वारा टीसीएस के पीछे वाली रोड़, 03 नम्बर गेट के पास, इंदौर में गश्त व चेकिंग के दौरान काले रंग की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल सवार संदेही अजय सूर्यवंशी (निवासी राजेंद्र नगर, इंदौर) को 12 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर सहित पकड़ा गया था, जिस पर थाना अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) इंदौर में अपराध क्रमांक 0152/2026, धारा 8/21 NDPS Act के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।

 

प्रकरण में विवेचना एवं रिमांड के दौरान गिरफ्तार आरोपी से ब्राउन शुगर के बैकवर्ड लिंकेज के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।

 

पूछताछ पर आरोपी अजय सूर्यवंशी ने उक्त ब्राउन शुगर झाबुआ निवासी शनिद शेख से प्राप्त होना स्वीकार किया। क्राइम ब्रांच टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही व पतारसी करते हुए मारुति नगर उड़ा (झाबुआ) में दबिश देकर सह-आरोपी शनिद शेख को घेराबंदी कर पकड़ा गया। प्रकरण में धारा 8/29 NDPS Act का इजाफा करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी से मादक पदार्थों की मूल सप्लाई चेन, मुख्य स्त्रोत एवं नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

 

पूर्व में गिरफ्तार आरोपी- अजय सूर्यवंशी, निवासी – थाना राजेन्द्र नगर, इंदौर

 

पूर्व में जप्त मश्रुका विवरण-

* 12 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर (अनुमानित मूल्य ₹1,20,000/-)

* एक हीरो की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (अनुमानित मूल्य ₹50,000/-)

 

 

वर्तमान में गिरफ्तार सह-आरोपी :

शनिद शेख, निवासी – मारुति नगर उड़ा, झाबुआ (मध्य प्रदेश)

शिक्षा/कार्यः

आरोपी 9वीं तक शिक्षित है तथा इलेक्ट्रीशियन का कार्य करता है।

 

मुख्य भूमिका-

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच इंदौर टीम की सराहनीय भूमिका रही। आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों एवं अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।

keyboard_arrow_up
Skip to content