🔹सुगम एवं सुरक्षित यातायात के लिए, मैदानी स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने के दिए निर्देश

 

इंदौर शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा दिए गए, प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देशों के अनुक्रम में आज दिनांक को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) श्री आर. के. सिंह द्वारा पुलिस उपायुक्त (क्राइम/यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी की उपस्थिति में इंदौर यातायात प्रबंधन पुलिस के अधिकारियों की बैठक ली गई। बैठक में एडिशनल डीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक एवं सूबेदार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में एडिशनल कमिश्नर श्री आर. के. सिंह  ने शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना के साथ फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित एवं सतत भ्रमण कर यातायात की वास्तविक स्थिति का जायजा लें तथा यातायात में किसी भी प्रकार की बाधा अथवा समस्या सामने आने पर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 

बारिश के मौसम में संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी-

वर्तमान बारिश के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए निर्माणाधीन ब्रिज, प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों एवं ऐसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जहां जलभराव, निर्माण कार्य अथवा बढ़ते यातायात दबाव के कारण जाम अथवा यातायात बाधित होने की संभावना रहती है।

अधिकारियों को ऐसे संवेदनशील एवं व्यस्त क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने तथा यातायात बाधित होने की स्थिति में बिना विलंब आवश्यक व्यवस्था कर यातायात को सुचारू कराने के निर्देश दिए गए।

 

निर्माणाधीन ब्रिज एवं मार्गों पर यातायात संचालन की स्थिति का नियमित निरीक्षण करने के साथ ही पेट्रोलिंग बाइक एवं क्रेन सपोर्ट का प्रभावी उपयोग करते हुए व्यस्त एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

 

उन्होंने ने अधिकारियों से कहा कि फील्ड में सक्रिय उपस्थिति, बेहतर टीमवर्क, आपसी समन्वय एवं त्वरित रिस्पॉन्स के माध्यम से यातायात संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी एवं प्रभावी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

keyboard_arrow_up
Skip to content