- ईमानदार नागरिक की सजगता एवं पुलिस की सक्रियता से सुरक्षित लौटाई गई सम्पूर्ण राशि
* पुलिस द्वारा लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्मता से किया परीक्षण।
- आंशिक वाहन नंबर “5742” के आधार पर तकनीकी एवं मैदानी जांच कर वाहन एवं व्यक्ति की पहचान की गई।
- ईमानदार नागरिक राजू जायसवाल द्वारा रखा हुआ था बैग सुरक्षित, फरियादी को ₹2,55,000/- नगद राशि यथावत सुरक्षित अवस्था में की गई वापस।
- पुलिस द्वारा ईमानदार नागरिक राजू जायसवाल का किया गया सम्मान ।
इंदौर शहर में नागरिकों की संपत्ति संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही के दिशा-निर्देश के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-4 श्री सुनील मेहता द्वारा आवेदन पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पंढरीनाथ पुलिस द्वारा सराहनीय कार्यवाही की गई।
घटना का विवरण- थाना पंढरीनाथ पर उपस्थित होकर फरियादी मुकेश कुमार वाधवानी निवासी काटजू कॉलोनी, बर्तन बाजार व्यापारी, द्वारा सूचना दी गई कि दिनांक 11/05/2026 को वे अपने घर से दुकान जा रहे थे। उनके पास कुल चार बैग थे, जिनमें से एक ब्राउन रंग के “डीपी ज्वेलर्स” लिखे बैग में ₹2,55,000/- नगद रखे हुए थे। दुकान पहुंचने पर उन्हें ज्ञात हुआ कि उक्त बैग उनके पास नहीं है, बैग रास्ते में कहीं गिर गया है। फरियादी द्वारा आसपास तलाश करने के उपरांत भी बैग नहीं मिलने पर थाना पंढरीनाथ पर सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी पंढरीनाथ द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर प्रभावी कार्यवाही प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश की गई तथा लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।
सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के दौरान एक ब्लैक रंग की हौंडा शाइन मोटरसाइकिल चालक द्वारा बैग उठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसमें वाहन का केवल “5742” नंबर आंशिक रूप से स्पष्ट दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा तत्परता से संभावित वाहन नंबर “एमपी-09-5742” से संबंधित वाहनों की जानकारी एकत्रित की गई, जिसमें कुल 34 वाहन चिन्हित हुए। इनमें से ब्लैक रंग की साइन मोटरसाइकिलों की संख्या 16 पाई गई।
पुलिस टीम द्वारा सभी संभावित पतों पर जाकर विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान राजू जायसवाल निवासी लावारिया भेरू द्वारा बताया गया कि उन्हें रास्ते में एक बैग मिला था, जिसे उन्होंने सुरक्षित रख लिया था। किसी प्रकार की गलतफहमी अथवा विवाद की स्थिति से बचने हेतु उन्होंने उक्त बैग को समीप स्थित मंदिर में सुरक्षित रख दिया था, ताकि वास्तविक मालिक मिलने पर उसे वापस किया जा सके।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर राजू जायसवाल ने तत्काल मंदिर से बैग लाकर पुलिस के सुपुर्द किया। फरियादी द्वारा बैग की पहचान करते हुए बताया गया कि बैग में रखी सम्पूर्ण राशि ₹2,55,000/- सुरक्षित एवं यथावत है।
राजू जायसवाल, जो पढ़ा लिखा न होने के कारण सेव परमल का ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करते हैं, द्वारा प्रदर्शित ईमानदारी एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना सराहनीय है। थाना प्रभारी पंढरीनाथ द्वारा उनकी ईमानदारी का सम्मान किया गया तथा उनके हाथों व्यापारी को बैग सुपुर्द कराया गया। फरियादी द्वारा भी राजू जायसवाल एवं पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया गया।
पुलिस टीम- उक्त महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी पंढरीनाथ सतीश पटेल, उपनिरीक्षक यतींद्र मिश्रा, प्रआर रतन सिंह, प्रआर आरिफ खान, आर जितेंद्र यादव ( प्रमुख भूमिका ) का महत्वपूर्ण योगदान रहा ।





