▪️महिलाओं की सुरक्षा से लेकर जरूरतमंदों की मदद तक निभा रहीं हर जिम्मेदारी।

▪️ गुम हुए 3 वर्षीय बालक को परिजनों से मिलाया, देर रात परेशान युवतियों और छात्राओं को सुरक्षित घर पहुँचाया।

▪️महिलाओं की सुरक्षा के लिए गरबा पंडालों में लोगों का कराया जा रहा है हेल्पलाइन नंबर और शक्ति दीदी/मोबाइल के संबंध में अवगत।

▪️ विवाद की सूचना पर त्वरित कार्रवाई एवं की जा रही है असमाजिक तत्वों व संदिग्धों की चेकिंग।

 

इंदौर। नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आयोजनों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में इंदौर पुलिस पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस बल सहित 15 शक्ति मोबाइल लगातार सक्रिय रहकर प्रमुख मंदिरों, भक्ति स्थलों, गरबा पंडालों एवं मेलों के आसपास पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही शक्ति मोबाइल की टीमें जरूरतमंदों की सहायता और संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई कर जनसेवा का दायित्व भी निभा रही हैं।

 

इसी क्रम में बीती रात्रि शक्ति मोबाइल की विभिन्न टीमों ने सजगता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कई सराहनीय कार्य किए—

 

🔹 गुम हुए 3 वर्षीय बालक को परिजनों से मिलाया: पीसीआर-11 की टीम ने कंकणेश्वरी गरबा ग्राउंड में मिले गुमशुदा बालक के परिजनों की तलाश कर उसे सकुशल उसके पिता के सुपुर्द किया।

 

🔹 देर रात परेशान युवतियों को सुरक्षित पहुँचाया: पीसीआर-13 की टीम ने गरबा देखकर लौट रहीं दो युवतियों की स्कूटी खराब होने पर उनकी सहायता की और उन्हें सुरक्षित घर पहुँचाया। वहीं, गरबा समाप्त होने के बाद वाहन नहीं मिलने से परेशान तीन युवतियों को भी सुरक्षा की दृष्टि से उनके हॉस्टल तक पहुँचाया। तथा  पीसीआर-14 की टीम ने एक यातायात प्रहरी महिला को आवश्यकता होने पर सुरक्षित उनके घर पहुँचाया।

 

🔹 विवाद करने वालों पर की त्वरित कार्रवाई: गश्त के दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद कर रहे दो व्यक्तियों को महिला शक्ति पीसीआर-5 की टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर पकड़ा और आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना परदेशीपुरा के सुपुर्द किया।

 

🔹 महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान: शक्ति मोबाइल की टीमों ने गरबा मंडलों में महिलाओं को शक्ति हेल्पलाइन नंबर संबंधी पंपलेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। साथ ही, गरबा पंडालों पर हेल्पलाइन नंबर के बैनर लगवाकर पुलिस सहायता की जानकारी जन-जन तक पहुँचाई।

 

🔹 संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी: टीम ने गरबा पंडालों के आसपास गुमठियों पर अनावश्यक रूप से बैठे युवकों की चेकिंग कर उन्हें वहाँ से हटाया और अनुचित गतिविधियों से दूर रहने एवं सुरक्षित घर जाने की समझाइश दी।

 

नवरात्रि में हर श्रद्धालु की सुरक्षा, हर महिला का सम्मान और जरूरत के समय त्वरित सहायता इंदौर पुलिस की प्राथमिकता है।

keyboard_arrow_up
Skip to content