★ नव नियुक्त पुलिस कर्मियों को अनुशासन, ईमानदारी एवं पूर्ण समर्पण के साथ जनसेवा करने के लिए किया प्रेरित

 

इंदौर – दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करने तथा उनके परिवारों को  सहारा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश सरकार द्वारा अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में निर्धारित प्रक्रिया, मेडिकल परीक्षण एवं आवश्यक सत्यापन की कार्यवाही पूर्ण होने के उपरांत अनुकंपा नियुक्ति के तहत दो आश्रितों को आरक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।

 

 

अनुकंपा नियुक्ति के अंतर्गत स्वर्गीय श्री अशोक व्यास, जो इंदौर नगरीय पुलिस में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ रहते हुए सेवाकाल के दौरान दिवंगत हो गए थे, उनकी सुपुत्री कु. निकिता व्यास, निवासी बाबुमुराई  कालोनी एयरपोर्ट रोड़ इंदौर को महिला आरक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।

 

इसी प्रकार स्वर्गीय श्री अजय सिंह कुशवाह, जो इंदौर नगरीय पुलिस में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ रहते हुए सेवाकाल के दौरान दिवंगत हो गए थे, उनके पुत्र श्री यशराज सिंह कुशवाह, निवासी काशीपुरी कॉलोनी एमआर 10, इंदौर को भी आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई।

 

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने नव नियुक्त  कर्मियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों को पूरी ईमानदारी, लगन, मेहनत एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आमजन की सेवा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस विभाग की गरिमा और प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

keyboard_arrow_up
Skip to content