इंदौर । आगामी त्यौहारों के दौरान शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के दिशा निर्देशन मे लगातार विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। राजवाड़ा सहित आसपास के प्रमुख बाजारों, एवं अन्य बाजारों में यातायात के सुचारू संचालन के लिए विशेष डायवर्शन, ट्रैफिक व्यवस्था की गई है।
इसी क्रम में आज डीसीपी ट्रैफिक श्री राजेश कुमार त्रिपाठी ने यातायात अधिकारियों की उपस्थिति में पेट्रोलिंग पार्टियों एवं यातायात टीमों को बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें तथा यातायात बाधित होने की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू करवाएं। साथ ही, माइक के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात व्यवस्था के संबंध में जागरूक करें।दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से भी अपील करें की अपने ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित रूप से खड़ा करवाएं तथा नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े न होने दें, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी वाहन के कारण अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं का यातायात बाधित होता है, तो संबंधित पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाए।त्यौहारों के दौरान शहरवासियों एवं बाजारों में आने वाले नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराने के लिए यातायात पुलिस निरंतर प्रयासरत है।


