🔹CCTV और POS मशीन बनी मददगार, फ्लाइट छूटने से पहले यात्री को लौटाए मोबाइल

 

🔹फ्लाइट रवाना होने से पहले मोबाइल लौटाकर  कोलकाता की फ्लाइट में बोर्डिंग में करवाई सहायता

 

इंदौर। पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग का एक और उदाहरण इंदौर एयरपोर्ट पर देखने को मिला, जहां टैक्सी में छूटे करीब ₹1.50 लाख कीमत के दो मोबाइल फोन पुलिसकर्मियों ने महज आधे घंटे में खोजकर बरामद कर लिए। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों ने समय की गंभीरता को समझते हुए महिला यात्री को उसकी कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में समय पर बोर्डिंग भी कराई।

 

दिनांक 01 सितंबर 2026 को शाम करीब 07:00 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर ड्यूटी के दौरान यातायात स.उ.नि. ओमसत्य यादव एवं थाना एरोड्रम के आरक्षक 3428 प्रताप सिंह कौरव को कोलकाता जाने वाली इंडिगो फ्लाइट की एक महिला यात्री ने परेशान होकर बताया कि वह करीब 10 मिनट पहले ओंकारेश्वर से कार टैक्सी के माध्यम से एयरपोर्ट पहुंची थी, लेकिन जल्दबाजी में उसके करीब ₹1.50 लाख कीमत के दो मोबाइल फोन टैक्सी में ही छूट गए।

 

महिला यात्री की फ्लाइट रात 08:30 बजे रवाना होनी थी। मोबाइल फोन छूट जाने से वह काफी घबराई हुई थी। पुलिसकर्मियों ने उसकी परेशानी को समझते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और बिना समय गंवाए एयरपोर्ट व आसपास के CCTV फुटेज खंगाले।

CCTV फुटेज की मदद से टैक्सी का नंबर MP 09 BU 7278 चिन्हित किया गया। इसके बाद POS मशीन की सहायता से वाहन मालिक का मोबाइल नंबर प्राप्त कर तत्काल उससे संपर्क किया गया। वाहन मालिक के माध्यम से टैक्सी चालक से संपर्क कर मोबाइल फोन के संबंध में जानकारी ली गई।

पुलिसकर्मियों के लगातार प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप महज 30 मिनट के भीतर दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए और महिला यात्री को सुरक्षित सुपुर्द किए गए।

 

पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। महिला यात्री की फ्लाइट छूट न जाए, इसका ध्यान रखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे समय पर कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में बोर्डिंग कराने में भी सहायता की।

 

कम समय में CCTV और POS जैसे तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग, त्वरित निर्णय और मानवीय संवेदनशीलता के साथ की गई इस कार्रवाई से महिला यात्री बेहद भावुक हो गई। उसने इंदौर पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

keyboard_arrow_up
Skip to content