पुलिस की कार्यप्रणाली को और बेहतर व प्रभावी बनाने हेतु पुलिस कमिश्नर ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश
पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक बेहतर, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से, तथा पुलिस अधिकारियों के दक्षता उन्नयन हेतु, इंदौर नगरीय के थानों के उप निरीक्षकों एवं निरीक्षकों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन आज दिनांक 24.04.26 को किया गया
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति में आयोजित उक्त कार्यशाला में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अप./मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह सहित सभी ज़ोन के पुलिस उपायुक्तगण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तगण व एडीपीओ ने उपस्थित रहकर इंदौर नगरीय के विभिन्न थानों के उप निरीक्षकों एवं निरीक्षकों को पुलिस की कार्य प्रणाली को और बेहतर करने हेतु थानों की मुख्य और व्यावहारिक कार्यवाही के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी और कई विषयों पर चर्चा करते हुए प्रशिक्षण दिया गया।
पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा सभी अधिकारियों को पुलिस के अपने कर्तव्यों को पूर्ण व्यावसायिक दक्षता के साथ करने की बात कहते हुए, पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी एवं परिणाममुखी बनाने हेतु निम्न निर्देश दिए –
* थानों में आने वाले पीड़ितों की बेहतर सुनवाई को प्राथमिकता दी जाए तथा प्रत्येक फरियादी की समस्या का गंभीरता से समाधान किया जाए।
* अपराध पंजीयन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
* जांच कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
* बीट प्रणाली को सुदृढ़ करते हुए क्षेत्र में निरंतर निगरानी एवं सूचना संकलन किया जाए।
* संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आमजन का विश्वास बनाए रखा जाए।
* महिलाओ। बच्चों एवं कमजोर वर्गों से संबंधित प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए।
* तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपराध नियंत्रण एवं जांच को सशक्त बनाया जाए।
* टीम वर्क एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।
* प्रत्येक अधिकारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, जवाबदेही एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करें।





