▪️ पुलिस कमिश्नर इंदौर की अगुवाई में, अभी तक 25 हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित कर, 3900 से ज्यादा हेलमेट जरूरतमंदों को किये है प्रदाय।
▪️*सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के प्रति जन जागरूकता हेतु बनाई है एनीमेटेड शॉर्ट फ़िल्में, जो लोगों को करेंगी सड़क सुरक्षा नियम पालन के प्रति प्रेरित।*
इंदौर- सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ( अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे है।
इसी कड़ी में आज दिनाँक 31 मार्च 2026 शहर के पलासिया चौराहे पर पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आरके सिंह, पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी व अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा 25 वाँ ‘हेलमेट पहनें-सुरक्षित रहें वृहद जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान पुलिस कमिशनर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा युवा, बुजुर्ग, जरूरतमंद ऐसे वाहन चालक जिनके पास रजिस्ट्रेशन लाइसेंस दस्तावेज पूर्ण थे उन्हें हेलमेट प्रदान किए गए। ऐसे वाहन चालकों द्वारा नियमो का उल्लंघन करने पर पहले चालान किया गया फिर सुरक्षा का महत्व समझाते हुए हेलमेट भी दिया।
ऐसे भी जिम्मेदार दोपहिया वाहन चालक इस अभियान में सम्मिलित हुए जो स्वेच्छा से हेलमेट लगाएं मिले, पुलिस कमिश्नर व अधिकारियों द्वारा ऐसे जिम्मेदार चालको की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मान स्वरूप उपहार भी प्रदान किए गए।
सड़क सुरक्षा का महत्व समझाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार हेलमेट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है, और अभी तक 25 कार्यक्रमों में 3900 से ज्यादा हेलमेट भी वितरित किए गए हैं, ताकि वाहन चालक हादसों की गम्भीरता को समझें और नियमों का पालन करें।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर इंदौर की विशेष उपस्थिति में, सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बनाई गई शॉर्ट फिल्मों/वीडियो को भी प्रदर्शित किया गया, जिन्हें इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा क्रिएटर्स के सहयोग से बनाया गया है। ये एनीमेटेड शॉर्ट फिल्म/वीडियो को विभिन्न चौराहों पर व एलइडी स्क्रीन्स और यातायात जागरूकता रथ आदि पर दिखाया जाएगा ताकि लोग इनके जरिए यातायात व सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक हो और उनका पालन करें।






