🔸“भक्ति के साथ सुरक्षा भी जरूरी” – मंदिरों में श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक
इंदौर। साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित “Safe Click 2.0” अभियान लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में आज इंदौर पुलिस ने शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों खजराना गणेश मंदिर, पितृ पर्वत हनुमान मंदिर, वीर अलीजा सरकार मंदिर, दुर्गा माता मंदिर कनाड़िया, तेजाजी महाराज मंदिर तेजाजी नगर , आराध्य धाम तथा अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों एवं मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को OTP फ्रॉड, QR कोड स्कैम, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश एवं लुभावने ऑफर के नाम पर होने वाली ठगी सहित विभिन्न साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। साथ ही ऑनलाइन भुगतान करते समय सतर्क रहने, किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी गई।
पुलिस टीमों ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार हों, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
इंदौर पुलिस का संदेश
“स्वयं के साथ ही डिजिटल सुरक्षा भी आवश्यक है। सजग रहें, सुरक्षित रहें और अपने परिवार व समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाएं।”
🛡️ सोचें – समझें – क्लिक करें।🛡️ SAFE CLICK अपनाएं, साइबर अपराध से स्वयं को और अपने परिवार को बचाइये।
⚠️ सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।






