- अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस थाना चंदन नगर की प्रभावी कार्यवाही…
- आरोपियों से 59 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल सहित कुल ₹3.81 लाख का मश्रुका जप्त
- आरोपी मंदसौर एवं रतलाम क्षेत्र से कम कीमत पर एमडी ड्रग्स खरीदकर इंदौर में अधिक कीमत पर कर रहे थे सप्लाई।
इंदौर शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, नशे के कारोबार एवं इससे जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिसआयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में पुलिस उपायुक्त जोन-4 श्री सुनील मेहता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-4 श्री दिशेष अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त अन्नपूर्णा श्री शिवेंदु जोशी के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैघ नशे के विरुद्ध विशेष अभियान सतत रूप से चलाया जा रहा है।
घटना एवं कार्यवाही का विवरण:-
इसी क्रम में थाना चंदन नगर प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले द्वारा एक विशेष टीम गठित कर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय, परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में लगातार आसूचना संकलन, निगरानी एवं पतारसी की जा रही थी। पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के हॉटस्पॉट, शेडो एरिया एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
दिनांक 03.06.2026 को थाना चंदन नगर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम सिंहासा वाइन शॉप क्षेत्र में पहुंची, जहां दो व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों व्यक्तियों ने घबराकर वाहन मोड़ा तथा वाइन शॉप के पीछे की ओर भागने का प्रयास किया।
दोनों व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर पकड़ा गया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ का मौके पर विधिवत परीक्षण एवं तौल कराने पर उसका कुल वजन 18.59 ग्राम पाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम अभिषेक सोलंकी एवं अशरफ उर्फ बंटी बताया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्वयं मादक पदार्थों के सेवन के आदी हैं तथा नशे की लत एवं आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री का कार्य करते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे मंदसौर एवं रतलाम क्षेत्र से कम कीमत पर एमडी ड्रग्स खरीदकर इंदौर में छोटे-छोटे पैकेट एवं टोकन बनाकर अधिक कीमत पर विक्रय करते थे, जिससे उन्हें त्वरित आर्थिक लाभ प्राप्त होता था।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स एवं अपराध में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल जप्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना चंदन नगर में अपराध क्रमांक 706/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए आरोपियों से पुलिस रिमाण्ड प्राप्त कर मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लायर, परिवहन तंत्र, वितरण नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। प्राप्त तथ्यों के आधार पर शीघ्र ही अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी:-
- अभिषेक सोलंकी निवासी – सिरपुर, जिला इंदौर
- अशरफ उर्फ बंटी खान निवासी – ग्रीन पार्क, जिला इंदौर
जप्त मश्रुका:-
- अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स 18.59 ग्राम, अनुमानित कीमत : ₹1,81,000/-
- एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल ,अनुमानित कीमत : ₹2,00,000/-
कुल जप्त मशरूका – ₹3,81,000/- (लगभग)
पुलिस टीम:-
उक्त सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले के नेतृत्व में उप निरीक्षक सौरभ कुशवाह, प्रधान आरक्षक बलराम चौहान, प्रधान आरक्षक जितेंद्र सोलंकी, आरक्षक धीरज पाण्डेय, आरक्षक हरि सिंह राजपूत, आरक्षक अनिल मकवाना, आरक्षक सुनील सोनी एवं आरक्षक अरुण जाट की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।





