🔸पटाखा बाजारों की सुरक्षा, अवैध भंडारण एवं विस्फोटक सामग्री के विक्रय पर कड़ी निगरानी रख, उल्लंघन पर सख्त वैधानिक कार्यवाही के दिए निर्देश

 

🔸अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क पर प्रहार और इनमें संलिप्त आदतन अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही के लिए किया निर्देशित

 

इंदौर । शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आगामी दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने आज नगरीय क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिसिंग की समीक्षा की तथा पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी सहित नगरीय क्षेत्र के सभी पुलिस उपायुक्त एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने विगत अवधि में पुलिस द्वारा की गई कार्यवाहियों की जोनवार समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, डिजिटल पुलिसिंग एवं सामुदायिक पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। साथ ही आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए-

 

* बदमाशों, असामाजिक तत्वों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं बाउंड ओवर की कार्यवाही निरंतर जारी रखी जाए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

 

* शातिर बदमाशों एवं गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की जमानत निरस्त कराने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।

 

* शहर में अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्यवाही करते हुए ड्रग्स के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए।

 

  • एनडीपीएस एक्ट के आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

 

* अपराध नियंत्रण के लिए संवेदनशील क्षेत्रों, बदमाशों के हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

 

* बीट एवं माइक्रो बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाते हुए क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित हेतु निर्देशित किया।

 

* अपराधों के अनुसंधान में सीसीटीएनएस के अंतर्गत ई-साक्ष्य, ई-विवेचना एवं ई-समंस/वारंट संबंधी कार्यवाही को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

 

* थानों पर ई-एफआईआर एवं जीरो-एफआईआर की प्रक्रिया का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया।

 

दीपावली पर सुरक्षा सर्वोपरि, पटाखा बाजारों में पुख्ता इंतजाम के निर्देश

 

आगामी दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस कमिश्नर ने पटाखा बाजारों एवं पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।

 

  • पटाखा दुकानों/बाजारों का नियमित निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाए तथा दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने हेतु पाबंद किया जाए।

 

* पटाखा बाजार में प्रत्येक दुकान पर सुरक्षा मानकों का पालन हो – फायर एक्सटिंग्विशर, रेत, पानी की बाल्टियां/ड्रम तथा आवश्यकतानुसार पानी की व्यवस्था हो।

 

  • पटाखों का अवैध भंडारण रहवासी क्षेत्रों में न किया गया हो। नियमों का उल्लंघन कर पटाखों का भंडारण करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाए।

 

* कार्बाइड गन सहित प्रतिबंधित अथवा अवैध विस्फोटक सामग्री के विक्रय एवं भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए।

 

* त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सतत निगरानी और प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

 

इसके साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत मोहल्ला समितियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर महिला सुरक्षा, यातायात नियमों, साइबर अपराधों एवं अन्य सामाजिक विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने हेतु  आमजन से बेहतर समन्वय व संवाद के लिए निर्देशित किया गया।

keyboard_arrow_up
Skip to content