🔹 नगरीय इंदौर के चारों जोन के लिए प्राप्त 04 मोबाइल फॉरेंसिक वैन से घटनास्थल पर ही और बेहतर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन एवं विश्लेषण हो सकेगा संभव।

 

इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में अपराधों के वैज्ञानिक एवं प्रभावी अनुसंधान को और बेहतर व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चारों पुलिस जोन के लिए 04 अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन मध्यप्रदेश शासन से प्राप्त हुई हैं। इन मोबाइल फॉरेंसिक वैन का निरीक्षण आज दिनांक 15.06.26 को पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर इंदौर द्वारा मोबाइल फॉरेंसिक वैन में उपलब्ध विभिन्न आधुनिक तकनीकों से लैस उपकरणों एवं संसाधनों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों की सहायता से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन, संरक्षण एवं विश्लेषण की प्रक्रिया में इनके बेहतर इस्तेमाल हेतु संबंधित अधिकारियों से इनकी कार्यप्रणाली पर चर्चा की।

 

ये अत्याधुनिक मोबाइल फोरेंसिक वैन ( जिन्हें नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, गांधीनगर द्वारा डिज़ाइन किया गया है) घटना स्थल की वैज्ञानिक जाँच को अत्यधिक सुदृढ़ व सक्षम बनाने में अति उपयोगी हैं।

फॉरेंसिक वैन विभिन्न प्रकार के उपकरणों से सुसज्जित हैं।

इन वैनों में स्टीरियो माइक्रोस्कोप, वेइंग स्केल , डीएसएलआर कैमरा, मिनी रेफ्रिजरेटर, एलईडी टीवी स्क्रीन, थर्मल प्रिंटर और बॉडी-वियर कैमरे शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, प्रत्येक वैन में विशेष जांच किट भी उपलब्ध हैं। जैसे:-

अपराध स्थल सुरक्षा किट, रक्त और बाल पहचान किट, उच्च तीव्रता वाले फॉरेंसिक प्रकाश स्रोत, फुट प्रिंट और टायर के निशान कास्टिंग किट, आगजनी जांच किट ,साक्ष्य पैकिंग किट,

गनशॉट रेसिड्यू किट, नशीले पदार्थों की जाँच किट, विस्फोटक डिटेक्शन किट,डीएनए सैमपल संग्रह किट उपलब्ध है ।

 

 

पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक अनुसंधान पद्धतियों का उपयोग पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणाममुखी बनाता है। इन मोबाइल फॉरेंसिक वैन की उपलब्धता से घटनास्थल पर त्वरित रूप से विशेषज्ञ सहायता प्राप्त होगी, जिससे महत्वपूर्ण साक्ष्यों का संरक्षण सुनिश्चित करते हुए अपराधों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में सहायता मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर एवं संवेदनशील अपराधों के अनुसंधान में इन मोबाइल फॉरेंसिक वैन का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण कर अपराधियों के विरुद्ध सशक्त एवं तथ्यपरक विवेचना की जा सके।

 

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) नगरीय इंदौर श्री आर. के. सिंह, अन्य पुलिस उपायुक्तगण व सभी ज़ोन के वैज्ञानिक अधिकारीगण भी उपस्थित रहे, और सभी ने इन मोबाइल फॉरेंसिक वैन की कार्यप्रणाली को समझा और अपराध अनुसंधान को और बेहतर करने हेतु इनके प्रभावी उपयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content