🔸 ऐतिहासिक एवं पारंपरिक आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण बनाने पर हुई विस्तृत चर्चा

 

🔸 ड्रोन, CCTV एवं Face Recognition कैमरों से रहेगी निगरानी

 

🔸 बदमाशों व असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की विशेष नजर, गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध की जाएगी सख्त कार्यवाही

 

इंदौर –  शहर में गणेशोत्सव एवं आगामी अनंत चतुर्दशी का पर्व हर्षोल्लास, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो तथा इंदौर की ऐतिहासिक एवं पारंपरिक झांकियों, अखाड़ों एवं चल  समारोह का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से हो, इस उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा आज दिनांक 22.09.2026 को अभय प्रशाल के सभागार में विभिन्न झांकियों एवं अखाड़ों के आयोजकों/संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (कार्य./व्यव.) श्री मयंक अवस्थी, सभी पुलिस उपायुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त तथा थाना प्रभारीगण सहित शहर में निकलने वाली प्रमुख झांकियों एवं अखाड़ों के आयोजक/संचालक एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

बैठक में पुलिस कमिश्नर व  अधिकारियों द्वारा सभी आयोजकों से अनंत चतुर्दशी के अवसर पर निकलने वाली झांकियों एवं अखाड़ों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। झांकियों एवं अखाड़ों के क्रम, आयोजन में शामिल होने वाले व्यक्तियों, वाहनों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजामों तथा आयोजन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

 

शहर की इस ऐतिहासिक परंपरा के सुरक्षित एवं बेहतर आयोजन के लिए, पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश—

 

◆ सभी झांकियों एवं अखाड़ों के आयोजन की विधिवत अनुमति ली जाए तथा अनुमति की सभी शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।

 

◆ झांकियों एवं अखाड़ों द्वारा निर्धारित रूट एवं निर्धारित समय का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। रूट एवं समय में किसी भी प्रकार का परिवर्तन बिना सक्षम अनुमति के न किया जाए।

 

◆ झांकियों में की गई विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। विद्युत वायरिंग, कनेक्शन एवं अन्य उपकरणों की आयोजन से पूर्व आवश्यक रूप से सुरक्षा जांच कर ली जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

 

◆ आयोजक अपने पदाधिकारियों एवं वालियंटियर्स की सूची उनके मोबाइल नंबर सहित पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

 

◆ आयोजन के दौरान पर्याप्त संख्या में वालियंटियर्स की व्यवस्था की जाए तथा उन्हें आयोजन से पूर्व उनकी जिम्मेदारियों एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के संबंध में उचित रूप से ब्रीफ किया जाए।

 

◆ झांकियों एवं जुलूसों में उपयोग किए जाने वाले सभी वाहनों की पूर्व से मैकेनिकल जांच करा ली जाए तथा वाहनों में सुरक्षा के सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध होना सुनिश्चित किया जाए।

 

◆ वाहनों के चालक प्रशिक्षित एवं सक्षम हों तथा किसी भी स्थिति में शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं।

 

◆ झांकियों एवं अखाड़ों में शामिल वाहनों के चालकों की पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। शराब का सेवन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

◆ किसी भी आकस्मिक घटना अथवा दुर्घटना से निपटने के लिए झांकियों एवं संबंधित वाहनों में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्ट्रेचर सहित आवश्यक आपातकालीन संसाधनों की व्यवस्था रखी जाए।

 

◆ झांकियों एवं अखाड़ों के मार्ग तथा प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए CCTV कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।

 

◆ प्रमुख संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर Face Recognition कैमरों के माध्यम से संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की पहचान एवं निगरानी की जाएगी। पुलिस की टीमें ऐसे तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेंगी।

 

 

◆ साउंड सिस्टम का उपयोग निर्धारित अनुमति एवं शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा (डेसीबल) के अंतर्गत ही किया जाए ।

 

◆ मौसम में संभावित बारिश आदि को ध्यान में रखते हुए झांकियों, विद्युत उपकरणों, साउंड सिस्टम तथा अन्य व्यवस्थाओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक पूर्व तैयारी एवं वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

 

◆ झांकियों एवं अखाड़ों के आयोजक पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें तथा आयोजन से संबंधित किसी भी समस्या अथवा आवश्यकता की जानकारी तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारियों को दें।

 

◆ धार्मिक मान्यताओं एवं इंदौर की ऐतिहासिक परंपरा को ध्यान में रखते हुए गरिमापूर्ण तरीके से आयोजन किया जाए। किसी भी प्रकार की अशोभनीय गतिविधि को आयोजन का हिस्सा न बनने दिया जाए।

 

 

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि अनंत चतुर्दशी इंदौर की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शहरवासी इस पर्व को हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, इसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा बेहतर एवं व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने सभी आयोजकों से अपील करी कि आयोजन के दौरान सुरक्षा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात का विशेष ध्यान रखें और पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए इस ऐतिहासिक परंपरा को सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने में सहयोग करें।

 

 

बैठक के दौरान आयोजनकर्ताओं द्वारा आयोजन से संबंधित अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे गए। अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण का आश्वासन दिया गया।

 

सभी आयोजनकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग एवं सहभागिता का विश्वास दिलाते हुए कहा कि आगामी दिनों में संबंधित अधिकारियों एवं अन्य विभागों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर अनंत चतुर्दशी के ऐतिहासिक आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

keyboard_arrow_up
Skip to content